
स्पोर्ट्स डेस्क। भारतीय क्रिकेट के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से क्रिकेट जगत में इतिहास रच दिया है। मंगलवार को ACC मेन्स एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 में इंडिया A की ओर से खेलते हुए 15 साल के वैभव ने यूनाइटेड अरब अमीरात (UAE) के खिलाफ महज 53 गेंदों में 204 रन की तूफानी पारी खेली। उनकी इस पारी में 28 छक्के और 7 चौके शामिल रहे। उन्होंने 384.90 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए कई पुराने रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए।
बाएं हाथ के सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने महज 52 गेंदों में अपना दोहरा शतक पूरा किया। इसके साथ ही वह लिस्ट A क्रिकेट में सबसे तेज दोहरा शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए। उनकी बल्लेबाजी इतनी आक्रामक रही कि UAE के गेंदबाजों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
वैभव ने अपनी पारी की शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। उन्होंने केवल 16 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया। इसके बाद 28 गेंदों में शतक और 40 गेंदों में 150 रन का आंकड़ा पार किया। आखिरकार 52 गेंदों में दोहरा शतक पूरा कर उन्होंने इतिहास रच दिया।
वैभव सूर्यवंशी ने अपनी पारी में 28 छक्के लगाए। इसके साथ ही उन्होंने लिस्ट A क्रिकेट में एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का पिछला रिकॉर्ड भी तोड़ दिया। इससे पहले यह रिकॉर्ड डी'आर्सी शॉर्ट के नाम था, जिन्होंने 2018 में क्वींसलैंड के खिलाफ वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया की ओर से खेलते हुए 23 छक्के लगाए थे।
इसके अलावा वैभव ने लिस्ट A क्रिकेट में सबसे तेज दोहरा शतक लगाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया। इससे पहले यह उपलब्धि चैड बोवेस के नाम थी, जिन्होंने 2024 में ओटागो के खिलाफ कैंटरबरी की ओर से 103 गेंदों में दोहरा शतक बनाया था।
लिस्ट-A की एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज
| रैंक | छक्के | बल्लेबाज | मुकाबला | वर्ष |
|---|---|---|---|---|
| 1 | 28 | वैभव सूर्यवंशी | इंडिया-A बनाम UAE | 2026 |
| 2 | 23 | डार्सी शॉर्ट | वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया बनाम क्वींसलैंड | 2018 |
| 3 | 21 | बेवोन जैकब्स | ऑकलैंड बनाम ओटागो | 2026 |
वैभव की विस्फोटक पारी की बदौलत इंडिया A ने UAE के 249/8 रन के लक्ष्य को महज 14.2 ओवर में हासिल कर लिया। टीम ने 3 विकेट खोकर 254 रन बनाए और मुकाबला 7 विकेट से जीत लिया। वैभव 204 रन बनाकर आउट हुए, लेकिन तब तक वह मैच का रुख पूरी तरह बदल चुके थे।
UAE की ओर से हरप्रीत सिंह भाटिया ने 144 गेंदों में 130 रन की शानदार पारी खेली। वहीं कप्तान बासिल हमीद ने नाबाद 36 रन बनाए। इन पारियों की मदद से UAE ने निर्धारित 50 ओवर में 8 विकेट पर 249 रन बनाए।
लिस्ट-A क्रिकेट में सबसे तेज शतक लगाने वाले बल्लेबाज
| रैंक | बल्लेबाज | गेंद | विरोधी टीम |
|---|---|---|---|
| 1 | वैभव सूर्यवंशी | 28 | UAE |
| 2 | जेक फ्रेजर-मैकगर्क | 29 | तस्मानिया |
| 3 | एबी डिविलियर्स | 31 | वेस्टइंडीज |
| 4 | साकिबुल गनी | 32 | अरुणाचल प्रदेश |
| 5 | ईशान किशन | 33 | कर्नाटक |
इंडिया A की ओर से तेज गेंदबाज अरशद खान सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 43 रन देकर 4 विकेट हासिल किए। हालांकि UAE के बल्लेबाजों ने टीम को 249 रन तक पहुंचाया, लेकिन वैभव सूर्यवंशी की तूफानी बल्लेबाजी के सामने यह लक्ष्य काफी छोटा साबित हुआ।