
मेलबर्न। न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के कप्तान ब्रेंडन मॅक्कुलम ने कहा कि अनुभवी स्पिनर डेनियल विटोरी का क्रिकेट में अद्भुत योगदान रहा हैं और सिर्फ न्यूजीलैंड ही नहीं वरन पूरी दुनिया में इस खेल के एंबेसडर हैं।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ रविवार को होने वाले फाइनल की पूर्व संध्या पर मॅक्कुलम ने कहा- विटोरी ने अपना आधे से ज्यादा जीवन इस खेल को समर्पित कर दिया। मेरा मानना है कि उन्होंने पूरे समय खेल भावना के साथ मैदान पर प्रदर्शन किया। करियर के दौरान उन्होंने कई नजदीकी दोस्त बनाए और उनकी अनेक सुनहरी यादें जुड़ी हुई हैं।
यह भी पढ़ें : विश्व कप जीत विटोरी को शानदार विदाई देना चाहती है न्यूजीलैंड टीम
संन्यास के करीब पहुंचकर वापसी करने वाले विटोरी ने इस विश्व कप में जबर्दस्त योगदान देते हुए टीम को फाइनल तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने 3.98 के इकानॉमी रेट से कुल 15 विकेट हासिल किए हैं। मॅक्कुलम ने कहा- मैं मानता हूं कि हमें फाइनल तक पहुंचाने में विटोरी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने मैदान पर वापसी करने में काफी मेहनत की थी और इसलिए मुझे इस बात में कोई संदेह नहीं कि वे सभी मैचों में खेले।