
किरण वाईकर। आरसीबी के कप्तान विराट कोहली (109) ने शनिवार को आईपीएल-9 में बेंगलुरू में गुजरात लॉयंस के खिलाफ शतक बनाते हुए इस ट्वेंटी-20 लीग में इतिहास रच दिया। कोहली का यह आईपीएल-9 में तीसरा शतक है और वे इस लीग के एक संस्करण में तीन शतक लगाने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन गए।
विराट ने 55 गेंदों पर 5 चौकों व 8 छक्कों की मदद से 109 रनों की पारी खेली। यह उनका इस आईपीएल में तीसरा शतक है। उन्होंने इससे पहले गुजरात लॉयंस के खिलाफ राजकोट में 24 अप्रैल को 100 रनों की नाबाद पारी खेली थी। यह उनका टी-20 क्रिकेट का पहला शतक था। विराट ने इसके बाद 7 मई को बेंगलुरू में राइजिंग पुणे सुपरजायंट्स के खिलाफ 108 रनों की नाबाद पारी खेली थी।
यह भी पढ़ें : कोहली-डी'विलियर्स ने रचा इतिहास, बनाए अनोखे कीर्तिमान
विराट ने एक आईपीएल में सबसे ज्यादा शतक लगाने का क्रिस गेल का रिकॉर्ड तोड़ा। गेल ने 2011 में दो शतक लगाए थे। गेल ने 22 अप्रैल 2011 को केकेआर के खिलाफ कोलकाता में नाबाद 102 रन बनाए थे। उन्होंने इसके बाद 6 मई 2011 को बेंगलुरू में किंग्स इलेवन के खिलाफ 107 रनों की पारी खेली थी।