भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान Virat Kohli और उनकी पत्नी व एक्ट्रेस Anushka Sharma ने गुरुवार को बिहार व असम के बाढ़ पीड़ितों के लिए मदद का एलान करते हुए अन्य लोगों से भी ऐसा करने का आह्वान किया है। Virat Kohli ने सोशल मीडिया पर बताया कि वे और अनुष्का तीन संगठनों के जरिए इन बाढ़ पीड़ितों की मदद कर रहे हैं।
Virat Kohli और Anushka Sharma ने एक बयान में कहा, 'इस समय जबकि देश कोरोना संक्रमण से जूझ रहा है, बिहार व असम से लोग दोहरी मार झेल रहे हैं। दोनों राज्यों में आई बाढ़ के कारण दर्जनों लोगों को जान गंवानी पड़ी है। बाढ़ ने लाखों लोगों की आजीविका को भी प्रभावित किया है। हम दोनों ने तीन गैर सरकारी संगठनों (NGO) एक्शन एड इंडिया, रैपिड रेस्पांस व गूंज के माध्यम से दोनों राज्यों के बाढ़ पीड़ितों के लिए मदद की पहल की है। अगर आपको इन राज्यों के लोगों की पीड़ा प्रतिध्वनित होती है तो इनकी मदद के लिए आगे आएं।'
— Virat Kohli (@imVkohli) July 30, 2020
असम के 33 में से 21 जिलों के 1536 गांवों के 16 लाख से भी ज्यादा लोग बाढ़ की वजह से प्रभावित हुए हैं। असम राज्य आपदा प्रबंधन के अधिकारियों के अनुसार राज्य में 100 लोगों की बाढ़ की वजह से जान जा चुकी है। बिहार में बाढ़ की वजह से 20 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित हुए हैं। इससे पहले इंग्लैंड के पूर्व क्रिकेटर Kevin Pietersen ने भी असम और बिहार में बाढ़ से प्रभावित लोगों के प्रति चिंता जताई थी। भारत के फुटबॉल कप्तान Sunil Chhetri ने भी ट्वीट के जरिए इन दो राज्यों के बाढ़ से प्रभावित लोगों के प्रति चिंता व्यक्त की थी।
Virat Kohli अब 19 सितंबर से यूएई में होने वाले IPL 2020 में रॉयल चैलेंजर्स बंगलोर (RCB) टीम की कमान संभालते हुए नजर आएंगे।