
मल्टीमीडिया डेस्क। आरसीबी के कप्तान विराट कोहली ने आईपीएल-9 में पुणे सुपरजायंट्स के खिलाफ अर्द्धशतकीय पारी खेलते हुए सचिन तेंडुलकर का रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिया। कोहली अब आईपीएल में कप्तान के रूप में तीन संस्करणों में 500 से ज्यादा रन बनाने वाले पहले खिलाड़ी बन गए। अभी तक यह रिकॉर्ड तेंडुलकर और कोहली के नाम संयुक्त रूप से दर्ज (दो बार 500 से ज्यादा रन) था।
विराट इस मैच से पहले आईपीएल में कप्तान के रूप में सचिन के दो संस्करणों में 500 से ज्यादा रन बनाने के कीर्तिमान को तोड़ने से मात्र 68 रन दूर थे। विराट ने 17वें अोवर में रविचंद्रन अश्विन गेंद पर चौका लगाते हुए अपने स्कोर को 68 तक पहुंचाने के साथ ही इस आईपीएल में 500 रन पूरे कर लिए। विराट अब आईपीएल में कप्तान के रूप में तीन अलग-अलग संस्करणों में 500 से ज्यादा रन बनाने वाले पहले कप्तान बन गए। विराट ने इस मैच में 108 रन बनाए और वे इस संस्करण में अभी तक कुल 541 रन बना चुके हैं।
यह भी पढ़ें : मैच विजयी पारी खेलने के लिए संकल्पित थे विराट
सचिन तेंडुलकर ने मुंबई इंडियंस के कप्तान के रूप में 2010 में 618 रन और 2011 में 553 रन बनाए थे। विराट कोहली आरसीबी के कप्तान के रूप में 2013 में 634 और 2015 में 505 रन बनाकर सचिन की बराबरी पर है। आईपीएल में कप्तान के रूप में एक संस्करण में सर्वाधिक रन (634) बनाने का कीर्तिमान भी विराट के नाम पर दर्ज है।
यह भी पढ़ें : IPL-9: कोहली के शतक से आरसीबी की रोमांचक जीत
दो अन्य कप्तान भी आईपीएल के एक सत्र में 500 रनों का बैरियर पार कर चुके हैं। गौतम गंभीर ने केकेआर के कप्तान के रूप में 2012 में 17 मैचों में 590 रन बनाए थे जबकि डेविड वॉर्नर ने सनराइजर्स के कप्तान के रूप में 2015 में 14 मैचों में 562 रन बनाए थे।