
मल्टीमीडिया डेस्क। रॉयल चैलेंजर्स बंगलोर (आरसीबी) के कप्तान विराट कोहली और एबी डी'विलियर्स ने आईपीएल-9 में शनिवार को गुजरात लायंस के खिलाफ धमाकेदार शतक जड़े। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 229 रन की साझेदारी की। विराट ने 55 गेंदों में 5 चौके व 8 छक्कों की मदद से 109 रन बनाए जबकि डी'विलियर्स ने 52 गेंदों में 10 चौके व 12 छक्कों की मदद से नाबाद 129 रन बनाए। दोनों के धमाकेदार शतकों की मदद से आरसीबी ने 20 ओवर में तीन विकेट खोकर 248 रन का विशाल स्कोर बनाया।
पारी खत्म के बाद कोहली ने खुलासा किया कि बल्लेबाजी करते समय उन्होंने डी'विलियर्स को चुप करा दिया था। दरअसल, एबीडी ने सिर्फ 43 गेंदों में शतक पूरा कर लिया था और उस समय विराट काफी पीछे चल रहे थे। मगर अंतिम ओवरों में विराट ने तेजी से खेलते हुए शतक पूरा कर लिया।
विराट ने कहा, 'एबी के साथ बल्लेबाजी करने में हमेशा मजा आता है। पहले दो शतकों के समान इस मैच में भी उम्मीद नहीं थी कि सैकड़ा पूरा कर पाउंगा। मैं शतक के बारे में ज्यादा नहीं सोचता लेकिन जब मैंने चाइनामैन गेंदबाज को देखा और छक्का जड़ा तो एबी ने मुझसे पूछा कि क्या तुम वहीं सोच रहे हो जो मैं सोच रहा हूं (शतक के बारे में)। कोहली ने ठहाका लगाते हुए कहा, नहीं तुम चुप रहो, मैं इस बारे में कुछ नहीं सुनना चाहता।'
डी'विलियर्स के साथ प्रतिस्पर्धा करने के बारे में बात करते हुए विराट ने कहा, 'मुझे कभी महसूस नहीं हुआ कि एबी के साथ रेस में हूं। आज का बेहतर उदाहरण है कि उन्होंने कैसे जिम्मेदारी उठाई। जब वह (एबी) आक्रामक बल्लेबाजी कर रहे थे तब मैंने एंकर की भूमिका निभाई।'
कोहली ने मुस्कुराते हुए साथ ही कहा, 'लेकिन अंत में मुझे ज्यादा स्ट्राइक मिली और बड़े शॉट लगाने का मौका भी मिला। हमे आपस में बात करने की ज्यादा जरूरत नहीं है। हम सिर्फ पारी को मजबूत करने के बारे में बात करते हैं या फिर एक ओवर में कितने रन बनाने के बारे में।'
वहीं तूफानी शतक जड़ने वाले डी'विलियर्स ने कहा, 'शुरुआत में मुझे अच्छा महसूस नहीं हो रहा था। गेंद पर टाइमिंग करने में थोड़ी परेशानी हो रही थी। अच्छी पारी खेलने का राज बहुत साधारण हैं-मेरी पत्नी यहां मैच देखने आई है।'
विराट की तारीफ करते हुए डी'विलियर्स ने कहा, 'उनके साथ बल्लेबाजी करने में हमेशा मजा आता है। हम दोनों ने मैच के दौरान कोई योजना नहीं बनाई थी। बस इतनी बात कर रहे थे कि लय बरकरार रखना है ताकि मजबूत स्कोर बना सके।' उन्होंने साथ ही कहा कि जडेजा ने अच्छी गेंदबाजी की।
बता दें कि विराट और डी'विलियर्स बहुत अच्छे दोस्त हैं। दोनों ने हाल ही में ट्विटर पर भी एक-दूसरे का मजाक बनाया था।