
खेल डेस्क, नई दिल्ली। Ramiz Raja: टी20 विश्व कप 2024 का आगाज हो चुका है। टीम इंडिया की शुरुआत शानदार रही है। रोहित ब्रिगेड ने पहले मैच में आयरलैंड को हराया था। फिर दूसरे मुकाबले में पाकिस्तान को पटखनी दी। पाक के खिलाफ मैच काफी रोमांचक रहा था। मैन इन ब्लू महज 119 रन पर ऑलआउट हो गई थी, लेकिन बाबर ब्रिगेड लक्ष्य हासिल नहीं कर पाई।
पाकिस्तान को अपने शुरुआत दोनों मुकाबले में हार का स्वाद चखना पड़ा है। पहले मैच में सुपर ओवर में अमेरिका के हाथों हार का सामना करना पड़ा। पाक टीम की अब जमकर आलोचना हो रही है। पूर्व खिलाड़ी ही निशाना साध रहे हैं। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष रमीज राजा ने एक बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि भारतीय टीम ने खराब खेलकर एहसान किया, लेकिन पाकिस्तान इसका फायदा नही उठा सकी।
पूर्व क्रिकेटर रमीज राजा ने कहा, 'अगर टीम इंडिया और अच्छी बल्लेबाजी करती तो पाक की पहुंच से मुकाबला बाहर हो जाता।' राजा ने क्रिकबज को दिए इंटरव्यू में कहा कि रोहित ब्रिगेड ने खराब खेलकर उन पर एहसान किया है। वे निडर होकर खेल रहे थे, वरना आसानी से 140-150 रन तक पहुंच जाते, जो पाकिस्तान के लिए मुश्किल हो जाता।
उन्होंने मोहम्मद रिजवान (31) के विकेट को मैन का टर्निंग प्वाइंट बताया। रमीज राजा ने कहा, हमारे खेल में कोई जागरूकता नहीं थी। रिजवान ने जसप्रीत बुमराह की बॉल पर जो शॉट खेला वह गलत था। बुमराह के दो ओवर पाकिस्तान के लिए निर्णायक साबित हुए। अगर उन्होंने भारतीय गेंदबाज को सुरक्षित तरीके से खेला होता तो मैच जीतना आसान हो सकता था।
मैच की बात करें तो 9 जून (रविवार) को खेले गए टी20 वर्ल्ड कप मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 6 रन से हराया। टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 119 रन बनाए। पाकिस्तान टीम 113/7 स्कोर बना पाई। पाक 13वें ओवर में 73/2 के स्कोर के साथ टारगेट की तरफ बढ़ रही थी, लेकिन अगले सात ओवर में 40 रन बने और हार गई। आखिरी दो ओवर में टीम को 21 रन चाहिए थे। तब जसप्रीत बुमराह ने 19वें ओवर में 3 रन दिए और 1 विकेट भी चटकाया। आखिरी ओवर में टीम को 18 रन चाहिए थे। अर्शदीप सिंह ने 11 रन दिए। भारत की ओर से ऋषभ पंत ने (42) सर्वाधिक स्कोर बनाया।