
खेल डेस्क, नई दिल्ली। Adam Zampa: एडम जम्पा ने विश्व कप के एक संस्करण में स्पिनर द्वारा सबसे अधिक विकेट केने के मुथैया मुरलीधरन के रिकॉर्ड की बराबरी की। एडम ने अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत के खिलाफ फाइनल में ये रिकॉर्ड अपने नाम किया। 2007 में श्रीलंकाई गेंदबाज ने 10 मैचों में 4.14 की इकॉनमी से 23 विकेट लिए थे। जिसमें दो बार चार विकेट लेने का कारनामा उनके नाम था।
एडम जम्पा ने 11 मैचों में 5.36 की इकॉनमी रेट से 23 विकेट लेकर अपना वनडे विश्व कप 2023 अभियान समाप्त किया। लेग स्पिनर ने भारत के खिलाफ 10 ओवर में 44 रन देकर 1 विकेट झटका। इसी के साथ जसप्रीत बुमराह का विकेट लेकर मुरलीधरन के रिकॉर्ड की बराबरी की। ब्रैड हॉग (2007) और शाहिद अफरीदी (2011) 21 विकेट के साथ दूसरे स्थान पर हैं।
एडम जम्पा ने वर्ल्ड कप 2023 में अभियान की शुरुआत दो मैचों में एक विकेट से की। वह अपना बेस्ट प्रदर्शन नहीं कर सके। लेकिन बाद में जम्पा ने अपनी गेंदबाजी से बल्लेबाजों को परेशान कर डाला। जम्पा ने श्रीलंका, पाकिस्तान और नीदरलैंड्स के खिलाफ चार-चार विकेट लिए। इसके बाद न्यूजीलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ दो बार तीन विकेट झटके।