नहीं रहे ओलंपियन हरदयाल सिंह
भारतीय हॉकी के स्वर्णिम सफर के साथी रहे ओलंपियन हरदयाल नहीं रहे। वह 95 साल के थे।
By
Edited By:
Publish Date: Fri, 17 Aug 2018 11:37:44 PM (IST)
Updated Date: Fri, 17 Aug 2018 11:38:44 PM (IST)
देहरादून। भारतीय हॉकी के स्वर्णिम सफर के साथी रहे ओलंपियन हरदयाल नहीं रहे। वह 95 साल के थे। 1956 के मेलबर्न ओलंपिक में भारत को स्वर्ण पदक दिलाने वाली टीम में अहम भूमिका निभाने वाले हरदयाल सिंह ने अमेरिका के खिलाफ मैच में पांच गोल दागे थे। इस मैच में भारत 16-0 से विजयी रहा था।
ओलंपियन हरदयाल के पौत्र अमन सिंह ने बताया कि वह लंबे समय से बीमार थे और बीते डेढ़ माह से उनकी स्थिति गंभीर थी। शुक्रवार को दोपहर बाद बाद उन्होंने अंतिम सांस ली। शनिवार को देहरादून में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। बीस साल सेना में सेवा करने करने के बाद हरदयाल सूबेदार से पद से 1969 में सेवानिवृत्त हुए। सेना से पहले वह भारतीय सर्वेक्षण विभाग में भी कार्य कर चुके थे। हॉकी को अपना पहला प्यार बताने वाले हरदयाल हॉकी के जादूगर मेजर ध्यान चंद के भी बेहद करीब थे। वह भारतीय जूनियर व सीनियर हॉकी टीम के कोच भी रहे। 2004 में हरदयाल को ध्यानचंद पुरस्कार से सम्मानित किया गया।