
हैदराबाद। महेंद्रसिंह धोनी के बगैर खेल रही चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) को बुधवार को आईपीएल 2019 में सनराइजर्स हैदराबाद के हाथों करारी हार का सामना करना पड़ा। सीएसके का विजय रथ हैदराबाद ने इस मैच में थामते हुए 4 विकेट से जीत दर्ज की। मैच के बाद सीएसके के कार्यवाहक कप्तान सुरेश रैना ने खुलासा किया कि धोनी कब मैदान पर वापसी करेंगे।
धोनी पीठ में सूजन के कारण इस मैच में नहीं खेले थे और सुरेश रैना ने मैच के बाद कहा पीठ में सूजन के कारण धोनी इस मैच में नहीं खेले, वे अब ठीक हैं। वे रॉयल चैलेंजर्स बंगलोर के खिलाफ होने वाले अगले मैच में वापसी कर सकते हैं। उन्होंने कहा, हमने अच्छा स्कोर नहीं बनाया। फॉफ और वॉटसन ने हमें अच्छी शुरुआत दी लेकिन हम उसका लाभ नहीं उठा पाए। हमने बीच के ओवरों में ज्यादा विकेट गंवाए जिसका खामियाजा हमें भुगतना पड़ा। रैना ने कहा, इमरान ताहिर हमें हमेशा विकेट दिला रहे हैं। जब भी उन्हें गेंद सौंपी जाती हैं वे विकेट लेते हैं। वे लगातार शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं ।
चेन्नई ने इस मैच से पहले 8 में से 7 मैच जीते थे और इस मैच को जीतकर वह प्लेऑफ में पहुंच सकता था लेकिन इसके लिए उसे अब अगले मैच तक इंतजार करना होगा। चेन्नई ने टॉस जीत पहले बल्लेबाजी का फैसला किया लेकिन उसके बल्लेबाज रनों के लिए तरसे। फॉफ डु प्लेसिस ने सर्वाधिक 45 रन बनाए जबकि शेन वॉटसन ने 31 रनों का योगदान दिया। चेन्नई 5 विकेट पर 132 रन ही बना पाया। हैदराबाद ने फॉर्म में चल रहे ओपनर्स डेविड वॉर्नर और जॉनी बेयरस्टो के अर्द्धशतकों से लक्ष्य को 16.5 ओवरों में 4 विकेट खोकर हासिल कर लिया। वॉर्नर ने 25 गेंदों में 50 रन बनाए जबकि बेयरस्टो 44 गेंदों में 61 रन बनाकर नाबाद रहे।