
स्पोर्ट्स डेस्क। आईपीएल 2026 में प्लेऑफ (IPL 2026 Playoffs) की चौथी और आखिरी टीम का फैसला रविवार को होने जा रहा है। आज डबल हेडर मुकाबले खेले जाएंगे, जिन पर करोड़ों क्रिकेट फैंस की नजरें टिकी हैं। दोपहर में राजस्थान रॉयल्स और मुंबई इंडियंस (RR Vs MI) आमने-सामने होंगे, जबकि रात के मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) का सामना दिल्ली कैपिटल्स (DC) से होगा।
शनिवार रात खेले गए मुकाबले में पंजाब किंग्स ने लखनऊ सुपर जायंट्स को सात विकेट से हराकर अपनी प्लेऑफ की उम्मीदों को जिंदा रखा। इस जीत के साथ पंजाब किंग्स अंक तालिका में 15 अंकों के साथ चौथे स्थान पर पहुंच गई है। वहीं लखनऊ सुपर जायंट्स का सफर समाप्त हो गया। टीम ने 14 मैचों में केवल चार जीत हासिल की और आठ अंकों के साथ आखिरी स्थान पर रही।
पंजाब की जीत का सबसे बड़ा असर दिल्ली कैपिटल्स पर पड़ा। दिल्ली की टीम अब आधिकारिक रूप से प्लेऑफ की रेस से बाहर हो चुकी है। यदि दिल्ली आज कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ मुकाबला जीत भी जाती है, तब भी टीम अधिकतम 14 अंकों तक ही पहुंच पाएगी, जो प्लेऑफ में जगह बनाने के लिए पर्याप्त नहीं होगा।
अब प्लेऑफ की आखिरी सीट के लिए राजस्थान रॉयल्स (RR), पंजाब किंग्स (PBKS) और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच सीधी टक्कर बची है।
पंजाब किंग्स ने अपने सभी लीग मुकाबले खेल लिए हैं और टीम 15 अंकों के साथ चौथे स्थान पर मौजूद है। अब पंजाब की उम्मीदें दूसरे मैचों के नतीजों पर टिकी हैं।
पंजाब चाहेगी कि राजस्थान रॉयल्स मुंबई इंडियंस के खिलाफ हार जाए। साथ ही केकेआर को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ या तो हार का सामना करना पड़े या फिर छोटी जीत मिले, ताकि उनका नेट रन रेट पंजाब से ऊपर न जा सके। फिलहाल पंजाब का नेट रन रेट +0.309 है, जो उसे मजबूत स्थिति में बनाए हुए है।
रियान पराग की कप्तानी वाली राजस्थान रॉयल्स के लिए प्लेऑफ का समीकरण काफी सरल है। टीम अगर मुंबई इंडियंस के खिलाफ मुकाबला जीत लेती है, तो सीधे प्लेऑफ में पहुंच जाएगी।
हालांकि अगर यह मुकाबला बारिश के कारण रद्द होता है, तो राजस्थान की मुश्किलें बढ़ जाएंगी। ऐसी स्थिति में टीम के अंक पंजाब के बराबर पहुंचेंगे, लेकिन नेट रन रेट कम होने के कारण राजस्थान प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो जाएगी।
कोलकाता नाइट राइडर्स के पास भी प्लेऑफ में पहुंचने का मौका बरकरार है। टीम के 13 मैचों में 13 अंक हैं और उसका नेट रन रेट +0.011 है।
केकेआर को सबसे पहले राजस्थान की हार की उम्मीद करनी होगी। इसके बाद उन्हें दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ बड़े अंतर से जीत दर्ज करनी होगी, ताकि उनका नेट रन रेट पंजाब किंग्स से बेहतर हो सके। तभी कोलकाता प्लेऑफ का टिकट हासिल कर पाएगी।