ऑल इंडिया टेनिस चैंपियनशिप सीरीज: ग्वालियर की वैदेही शिंदे ने लगाई स्वर्णिम हैट्रिक, विहान और मानव भी बने चैंपियन
बालक 16 वर्ग में मानव पटेल ने हितार्थ सुराणा को 8 -1 से हराकर खिताब जीता।
Publish Date: Fri, 04 Sep 2026 06:41:43 PM (IST)Updated Date: Fri, 04 Sep 2026 06:42:07 PM (IST)
स्वर्णिम हैट्रिक लगाने वाली वैदेही शिंदे टूर्नामेंट डायरेक्टर विकास पांडेय के साथ। नईदुनियाHighLights
- वैदेही ने अंडर-14 और 16 एकल व युगल में जीते तीन गोल्ड
- अंडर-14 में विहान नवाब और अंडर-16 में मानव पटेल बने विजेता
- सिटी सेंटर टेनिस कॉम्प्लेक्स में हुआ टूर्नामेंट का सफल समापन
डिजिटिल डेस्क, ग्वालियर। ग्वालियर चंबल टेनिस एसोसिएशन एवं खेल एवं युवक कल्याण विभाग मध्य प्रदेश के तत्वाधान में सिटी सेंटर टेनिस कॉम्पलेक्स में आयोजित ऑल इंडिया टेनिस चैंपियनशिप सीरीज शुक्रवार को संपन्न हो गई।
टूर्नामेंट डायरेक्टर विकास पांडेय के मुताबिक, मध्य प्रदेश ग्वालियर की वैदेही शिंदे ने बालिका 14, बालिका 16 एकल फाइनल में 2 स्वर्ण तथा बालिका 16 युगल वर्ग में भी स्वर्णिम सफलता प्राप्त की। बालिका 14 वर्ष में वैदेही ने यूपी की सिया मोहन को 8-1 से तथा बालिका 16 में अन्य राठी को 8-3 से हराकर यह सफलता प्राप्त की। युगल वर्ग में अन्या राठी के साथ जोड़ी बनाकर सह्याद्री और अग्न्या की जोड़ी को 8-1 से हराकर एक और पदक जीता।
मानव को हराकर विहान बने चैंपियन
बालक अंडर-14 एकल फाइनल में विहान नवाब ने महाराष्ट्र के मानव पटेल को 8-6 से हराया। बालक 14 वर्ष युगल में आरी और विहार की जोड़ी ने ओजस और विहान नवाब की जोड़ी को 8-5 से हराकर खिताब जीता। बालक 16 वर्ग में मानव पटेल ने हितार्थ सुराणा को 8-1 से हराकर खिताब जीता। वही बालक 16 वर्ष युगल वर्ग में अर्जुन और सात्विक गुप्ता की जोड़ी ने वीरेश्वर और हितार्थ की जोड़ी को 8-4 से हराकर खिताब जीता।