
स्पोर्ट्स डेस्क, नईदुनिया। फीफा विश्व कप 2026 (FIFA World Cup) में स्पेन और पुर्तगाल (Spain Vs Portugal) के बीच बेहद रोमांचक मुकाबला खेला गया। दोनों टीमों के बीच पूरे मैच में कड़ी टक्कर देखने को मिली, लेकिन निर्णायक पल स्टॉपेज टाइम के पहले मिनट में आया। स्पेन के सब्स्टिट्यूट खिलाड़ी मिकेल मेरिनो ने शानदार गोल दागकर अपनी टीम को 1-0 की जीत दिलाई। इस जीत के साथ स्पेन ने क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।
मैच के निर्णायक क्षण में मेरिनो ने तेज फ्री-किक से मिली थ्रू बॉल पर बेहतरीन नियंत्रण दिखाया। उन्होंने पुर्तगाल के गोलकीपर डियोगो कोस्टा को छकाते हुए लो फिनिश के जरिए गेंद को गोलपोस्ट में पहुंचाया। यह गोल मुकाबले का इकलौता गोल साबित हुआ और स्पेन की जीत की वजह बना।
पुर्तगाल की हार के साथ ही कप्तान क्रिस्टियानो रोनाल्डो (Cristiano Ronaldo) का विश्व कप ट्रॉफी जीतने का सपना भी टूट गया। मैच खत्म होने के बाद रोनाल्डो मैदान पर भावुक नजर आए और उनकी आंखों में आंसू साफ दिखाई दिए। अपने प्रशंसकों के लिए विश्व कप जीतने की चाह रखने वाले रोनाल्डो के लिए यह हार बेहद निराशाजनक रही।
41 वर्षीय क्रिस्टियानो रोनाल्डो के लिए यह उनके करियर का छठा और आखिरी विश्व कप संस्करण रहा। अमेरिका में खेले जा रहे इस टूर्नामेंट में वह अपने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन से दूर नजर आए। अपने लंबे और सफल करियर में विश्व कप विजेता बनने का सपना अब अधूरा ही रह गया।
FIFA 2026 https://t.co/qbIVS4ITmz
— Akash Sharma (@AkashSharm_JNM) July 7, 2026
पूरे मुकाबले में पुर्तगाल का आक्रमण प्रभावी नहीं दिखा। टीम गोलपोस्ट पर केवल दो शॉट ही लगा सकी, जबकि स्पेन ने छह शॉट लगाए। दोनों टीमों के बीच डिफेंस मजबूत रहा, लेकिन स्पेन ने आखिरी क्षणों में मिले मौके का पूरा फायदा उठाया।
मैच के बाद रोनाल्डो ने कहा कि वह अपने भविष्य को लेकर कोई जल्दबाजी नहीं करेंगे। उन्होंने कहा, "यह मेरा आखिरी वर्ल्ड कप था, लेकिन अब मेरे पास परिवार के साथ समय बिताने और बिना किसी जल्दबाजी के आगे की जिंदगी के बारे में सोचने का समय होगा। फुटबॉल और एक फुटबॉलर की जिंदगी ऐसी ही होती है, जहां कभी आप जीतते हैं तो कभी हारते हैं और आपको बस आगे बढ़ना होता है।"