
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। मध्य प्रदेश महिला एशियाई हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी में रविवार को भारत और जापान ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लगातार तीसरी जीत दर्ज की। तीन बार की चैंपियन भारतीय टीम ने थाईलैंड को 7-0 से करारी शिकस्त दी, जबकि दो बार के चैंपियन जापान ने चीन को 3-1 से हराया।
दोनों टीमें नौ-नौ अंक के साथ अंक तालिका में शीर्ष पर हैं और उनका सेमीफाइनल में स्थान लगभग पक्का हो गया है। वहीं, दिन के दूसरे मुकाबले में मलेशिया ने कोरिया को 3-1 से हराकर सेमीफाइनल की उम्मीदें कायम रखीं।
भोपाल के नाथू बरखेड़ा स्टेडियम में भारतीय टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया। पहले क्वार्टर में ही नवनीत कौर ने पेनाल्टी स्ट्रोक और ब्यूटी डुंगडुंग ने 10वें व 11वें मिनट में पेनाल्टी कार्नर पर गोल कर भारत को 3-0 की बढ़त दिलाई। 28वें मिनट में मुमताज खान ने मैदानी गोल किया।
तीसरे क्वार्टर में 32वें मिनट पर सुनेलिता टोप्पो ने पेनाल्टी कार्नर को गोल में बदला। चौथे क्वार्टर में ब्यूटी ने 56वें मिनट में और नवनीत ने पेनाल्टी स्ट्रोक पर गोल कर भारत को 7-0 से जीत दिलाई। ब्यूटी ने तीन और नवनीत ने दो गोल किए। भारतीय टीम का मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी उत्साहवर्धन किया।
दिन के पहले मुकाबले में जापान ने चीन को 3-1 से हराया। रीना यामामोटो ने 19वें मिनट में पेनाल्टी पर गोल कर जापान को बढ़त दिलाई। 35वें मिनट में ननामी कैनाको ने मैदानी गोल किया। चीन की वीनली झेंग ने 45वें मिनट में पेनाल्टी कार्नर पर गोल कर अंतर कम किया, लेकिन अंतिम मिनट में निको मारुयामा ने पेनाल्टी कार्नर पर गोल कर जापान की जीत पक्की कर दी।
यह भी पढ़ें- ऐशबाग के 599 क्वार्टरों पर सोमवार से चलेगा बुलडोजर, कोर्ट ने रोक लगाने से किया इनकार, एक को मिली राहत
दिन के दूसरे मुकाबले में मलेशिया ने कोरिया को 3-1 से पराजित किया। शुरुआती दो क्वार्टर गोलरहित रहे। 33वें मिनट में नुमाइजाफुल स्याफी ने पेनाल्टी कार्नर पर गोल किया। 36वें मिनट में एस मून ने स्कोर बराबर किया। इसके दो मिनट बाद नूरमिराह ने मैदानी गोल कर मलेशिया को बढ़त दिलाई। अंतिम मिनट में सीटी मोहम्मद ने पेनाल्टी स्ट्रोक पर गोल कर जीत 3-1 कर दी। इस जीत से मलेशिया के चार अंक हो गए हैं।