
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। एमपीबीए की नित्या जादौन ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए 59वीं मध्यप्रदेश राज्य जूनियर बैडमिंटन चैंपियनशिप में दोहरी सफलता हासिल की। नित्या ने अंडर-17 और अंडर-19 दोनों ही वर्गों में ट्राफी अपने नाम की। वहीं अंडर -19 बालक एकल में एमपीबीए के प्रणीत सोमानी, अंडर-17 बालक एकल में एमपीबीए के मेधांश शर्मा चैंपियन बने।
अंडर-19 मिश्रित युगल वर्ग में रुद्र प्रताप ठाकुर व कृति तिवारी की जोड़ी ने खिताबी जीत हासिल की। स्पर्धा का समापन समाजसेवी प्रवीण कक्कड़, सुमित नांदेड़कर के आतिथ्य में हुआ। अंडर-17 बालिका फाइनल में नित्या जादौन ने उत्कृष्ट खेल दिखाते हुए मुस्कान जाट (धार) को 15-12, 15-7 से पराजित कर पहला खिताब जीता।
अंडर-19 वर्ग के संघर्षपूर्ण फाइनल में नित्या जादौन ने माही पवार (धार) को 16-18, 15-7, 15-12 से हराकर प्रतियोगिता में अपना दूसरा खिताब हासिल किया। अंडर-19 बालक फाइनल में प्रणीत सोमानी ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए शौर्य मिश्रा (इंदौर) को 15-8, 15-17, 15-5 से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।
अंडर-17 वर्ग के फाइनल में मेधांश शर्मा ने काव्य शर्मा (इंदौर) के खिलाफ 15-6, 16-14 से जीत दर्ज की। अंडर-17 मिश्रित युगल वर्ग में इंदौर के काव्य शर्मा और अवनी यादव की जोड़ी ने ग्वालियर के अनिरुद्ध सिंह चौहान व संस्कृति अग्रवाल की जोड़ी को 15-3, 15-11 से हराया। अंडर-19 वर्ग के फाइनल में रुद्र प्रताप ठाकुर (ग्वालियर) और कृति तिवारी (इंदौर) की जोड़ी ने अथर्व सक्सेना (एमपीबीए) व इश्वी नायडू (जबलपुर) को 15-11, 15-10 से शिकस्त देकर खिताब हासिल किया।