
लॉस एंजिल्स। फ्रांस की राजाधानी पेरिस 2024 में और अमेरिकी शहर लॉस एंजिल्स 2028 में ओलिंपिक खेलों की मेजबानी करने के लिए सहमत हो गए हैं। सितंबर में पेरू में अंतरराष्ट्रीय ओलिंपिक (आईओसी) की बैठक में इस पर अंतिम मुहर लगेगी।
2020 ओलिंपिक खेलों का आयोजन टोक्यो (जापान) में होगा। पेरिस और लॉस एंजिल्स दोनों ही शहर 2024 ओलिंपिक खेलों की मेजबानी के लिए पहले रेस में शामिल थे, क्योंकि अन्य देशों ने ओलिंपिक मेजबानी से अपने नाम वापस ले लिए थे। आईओसी ने पुष्टि की है कि अमेरिका ने 2028 ओलिंपिक की मेजबानी के लिए आधिकारिक रूप से अपनी सहमति जताई है ऐसे में यह लगभग सुनिश्चित हो गया है कि 2024 ओलंपिक खेल पेरिस में आयोजित होंगे।
आईओसी के अध्यक्ष थॉमस बाक ने कहा, 'आईओसी लॉस एंजिल्स ओलिंपिक और पैरालंपिक कैंडिडेचर कमेटी के निर्णय का स्वागत करती है।' लॉस एंजिल्स, पेरिस और लंदन दुनिया के तीन ऐसे शहर बन जाएंगे, जिन्होंने तीन बार ओलिंपिक खेलों की मेजबानी की है। अमेरिका ने आखिरी बार 1996 में अटलांटा में ओलिंपिक खेलों की मेजबानी की थी, जबकि पहली बार 1904 में सेंट लुइस में मेजबानी की थी। लॉस एंजिल्स ने इससे पहले 1932 और 1984 ओलिंपिक खेलों का आयोजन किया था।
जबकि पेरिस ने 1900 और 1924 ओलिंपिक खेलों की मेजबानी की थी। लॉस एंजिल्स के मेयर एरिक गार्सेती ने कहा कि मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि ओलिंपिक खेलों की अमेरिका में वापसी होने जा रही है। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी अपनी ओलिंपिक समिति को आधिकारिक रूप से बधाई दी है। उन्होंने कहा कि मुझे इस बात का भरोसा है कि लॉस एंजिल्स में ये खेल ओलिंपिक और अमेरिकावासियों की भावनाओं को प्रदर्शित करेंगे और हम इन खेलों की मेजबानी करने को लेकर उत्साहित हैं। अमेरिका ने अभी तक पांच बार ग्रीष्मकालीन और चार बार शीतकालीन खेलों यानि कुल नौ बार ओलिंपिक खेलों का आयोजन किया है। वहीं, फ्रांस में छह बार ओलंपिक खेलों की मेजबानी की जा चुकी है।