
बीजिंग। ब्रिटेन के सेबेस्टियन को ने इंटरनेशनल एसोसिएशन ऑफ एथलेटिक्स फेडरेशंस (आईएएएफ) के अध्यक्ष पद के चुनाव में यूक्रेन के सर्गेई बुबका को हरा दिया। उन्होंने लैमेन डियाक की जगह ली।
आईएएएफ कांग्रेस में हुए चुनावों में को को 115 और बुबका को 92 वोट मिले।
पूर्व पोल वॉल्ट चैंपियन बुबका उपाध्यक्ष पद के चुनाव में भी खड़े हुए थे और वे कतर के दहलान अल-हमद, कैमरून के हमद कालकाबा मालबौम और क्यूबा के अल्बर्टो जुआनटोरेना के साथ उपाध्यक्ष चुने गए। बुबका ने कहा- 'एथलेटिक्स मेरा जीवन है और मैं इसकी सेवा में जुटा रहूंगा।'
दो बार के 1500 मीटर दौड़ के ओलिंपिक चैंपियन (1980 एवं 1984) के नाम आठ आउटडोर और तीन इंडोर वर्ल्ड रिकॉर्ड भी दर्ज हैं। डियाक ने कहा कि एथलेटिक्स अब सुरक्षित हाथों में है। एथलेटिक्स को इस समय डोपिंग की समस्या से जूझना पड़ रहा है और को की पहली चुनौती खेल को इससे बचाए रखने की होगी।