ग्वालियर के तीन एथलीटों का जूनियर नेशनल एथलेटिक्स चैंपियनशिप के लिए चयन, चेन्नई में दिखाएंगे दम
तीनों खिलाड़ियों ने जबलपुर में आयोजित राज्य स्तरीय जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई किया है। खे...और पढ़ें
Publish Date: Tue, 13 Oct 2026 07:37:16 PM (IST)Updated Date: Tue, 13 Oct 2026 07:37:49 PM (IST)
दोनों चयनित एथलीट एवं कोच राहुल गुर्जर। नईदुनियाHighLights
- राज्य स्तर पर जीता स्वर्ण
- चेन्नई में करेंगे प्रतिनिधित्व
- अंतरराष्ट्रीय खेल गांव में अभ्यास
डिजिटल टीम, ग्वालियर। मध्य प्रदेश के शहर ग्वालियर के तीन उभरते एथलीटों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए 41वीं जूनियर राष्ट्रीय एथलेटिक्स चैंपियनशिप के लिए मध्य प्रदेश की टीम में जगह बनाई है। 23 से 27 अक्टूबर तक चेन्नई (तमिलनाडु) में आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता में अनुष्का गुर्जर, नरोत्तम तोमर और आदित्य सिंह जादौन प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे। तीनों खिलाड़ियों ने जबलपुर में आयोजित राज्य स्तरीय जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई किया है।
तीन अलग-अलग वर्गों में दिखाएंगे दम
चयनित खिलाड़ियों में अनुष्का गुर्जर अंडर-14 बालिका वर्ग की ट्रायथलॉन बी स्पर्धा में, नरोत्तम तोमर अंडर-16 बालक वर्ग की 80 मीटर बाधा दौड़ में और आदित्य सिंह जादौन अंडर-20 बालक वर्ग की 100 मीटर दौड़ में चुनौती पेश करेंगे। तीनों खिलाड़ी 20 अक्टूबर को ग्वालियर से चेन्नई के लिए रवाना होंगे।
अंतरराष्ट्रीय खेल गांव में ले रहे प्रशिक्षण
तीनों एथलीट अंतरराष्ट्रीय खेल गांव ग्वालियर के सिंथेटिक एथलेटिक्स ट्रैक पर जिला खेल प्रशिक्षक ग्रेड-1 राहुल गुर्जर के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण ले रहे हैं। अनुष्का और नरोत्तम किसान परिवार से आते हैं और पिछले एक वर्ष से नियमित अभ्यास कर रहे हैं। वहीं, आदित्य सिंह जादौन के पिता जगमोहन जादौन सेवानिवृत्त सैन्यकर्मी हैं और मूल रूप से छतरपुर के रहने वाले हैं। आदित्य ग्वालियर में रहकर सुबह-शाम अभ्यास कर रहे हैं और अपने प्रदर्शन को बेहतर बनाने में जुटे हैं।
पहले भी राष्ट्रीय स्तर पर दिखा चुके हैं प्रतिभा
कोच राहुल गुर्जर के अनुसार, आदित्य पहले भी उनके मार्गदर्शन में प्रशिक्षण ले चुके हैं। पन्ना जिले में पदस्थापना के दौरान भी उन्होंने आदित्य को प्रशिक्षण दिया था। आदित्य केंद्रीय विद्यालय राष्ट्रीय खेलों में पदक जीत चुके हैं और अब तक तीन बार राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग ले चुके हैं। इस बार वे पदक जीतने के लक्ष्य के साथ मैदान में उतरेंगे।
तीनों खिलाड़ियों के राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन पर जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी अरविंद सिंह राणा सहित विभागीय अधिकारियों-कर्मचारियों और जिला एथलेटिक संघ ग्वालियर के पदाधिकारियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।