
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। रायपुर। राजधानी रायपुर में आयोजित ‘खेलो इंडिया संवाद’ कार्यक्रम में भारतीय क्रिकेटर तिलक वर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन खिलाड़ियों के साथ स्कूली विद्यार्थियों और युवाओं के लिए भी प्रेरणा का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। देश में खेलों को बढ़ावा देने के लिए इस तरह के कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाने चाहिए।
तिलक वर्मा ने कहा कि जब प्रधानमंत्री स्वयं खेल और खिलाड़ियों से जुड़े कार्यक्रम आयोजित करते हैं, तो इससे खिलाड़ियों का उत्साह और आत्मविश्वास बढ़ता है। ऐसे प्रयास युवाओं को खेलों से जुड़ने और अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए मेहनत करने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि खेल केवल प्रतियोगिता जीतने तक सीमित नहीं हैं। इनके माध्यम से युवाओं में अनुशासन, मेहनत, टीम भावना और आत्मविश्वास जैसे गुण विकसित होते हैं।
उन्होंने कहा कि ‘खेलो इंडिया संवाद’ जैसे कार्यक्रम खिलाड़ियों और खेल प्रतिभाओं को अपनी बात रखने तथा अनुभव साझा करने का अवसर देते हैं। ऐसे संवाद से युवा खिलाड़ियों को यह समझने में मदद मिलती है कि खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए निरंतर मेहनत, अनुशासन और समर्पण आवश्यक है।
तिलक वर्मा ने स्कूली छात्रों को खेल गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि बच्चों को कम उम्र से ही खेलों से जोड़ना जरूरी है। स्कूल स्तर पर खेलों को बढ़ावा देने से प्रतिभाओं की पहचान की जा सकती है और उन्हें बेहतर प्रशिक्षण देकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाया जा सकता है।
तिलक वर्मा ने कहा कि देश में खेलों का माहौल लगातार मजबूत हो रहा है। क्रिकेट के अलावा अन्य खेलों में भी भारतीय खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना रहे हैं। युवाओं को पढ़ाई के साथ अपनी रुचि के खेल के लिए भी समय देना चाहिए और उसमें बेहतर प्रदर्शन का प्रयास करना चाहिए।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से खिलाड़ियों और खेल गतिविधियों को लेकर किए जा रहे प्रयासों को युवाओं के लिए सकारात्मक संदेश बताया। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी ऐसे आयोजन जारी रहेंगे, जिससे देश में खेल संस्कृति और मजबूत होगी। कार्यक्रम में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और खेलों के विकास पर चर्चा हुई।