
नई दिल्ली। राजधानी में गुटखे की बिक्री पर दिल्ली सरकार पूरी तरह पाबंदी लगाने की तैयारी कर रही है। इससे पहले कांग्रेस के शासनकाल में शीला दीक्षित सरकार ने सितंबर 2012 में पहली बार गुटखे की बिक्री पर पाबंदी लगाने के लिए नोटिफिकेशन जारी किया था।
इस बाबत तैयार हो रहे प्रस्ताव की फाइल उपराज्यपाल को भेजी जाएगी। सरकार गुटखे के सेवन पर भी जुर्माना लगाने पर विचार कर रही है। इसके अलावा दिल्ली सरकार केंद्र को पत्र लिखकर उत्तर प्रदेश व हरियाणा में भी गुटखे पर प्रतिबंध लगाने के लिए कहेगी।
गुटखे की बिक्री व इस्तेमाल पर रोक लगाने का जिम्मा दिल्ली सरकार के खाद्य अपमिश्रण विभाग के कंधों पर होगा। एक अनुमान के मुताबिक, दिल्ली में तकरीबन दो से तीन हजार बड़े व छोटे दुकानदार गुटखे के थोक व्यापार से जुड़े हैं। वहीं लगभग एक लाख पनवाड़ी व गली कूचों में खोखे वाले दुकानदार हैं। ऐसे में गुटखे की दुकानों पर नजर रखने के लिए विभाग में अधिक से अधिक कर्मचारियों की भर्ती की जाएगी। फिलहाल इस विभाग में कर्मचारियों की संख्या 70 के आसपास है।
140 करोड़ रुपये का होगा सालाना नुकसान
गुटखे पर प्रतिबंध से दिल्ली सरकार को 40 करोड़ रुपये सालाना का नुकसान होगा। ग्लोबल एडल्ट टोबैको सर्वे के अनुसार, दिल्ली में 10.5 फीसद व्यस्क, 16.7 फीसद पुरुष और 2.8 फीसद महिलाएं गुटखे, खैनी और जर्दे का सेवन करती हैं।
हर साल 80 हजार को कैंसर
हर साल 80 हजार लोग ओरल (मुख) कैंसर का शिकार होते हैं। एक बार तंबाकू के सेवन से जिंदगी के पांच मिनट घट जाते हैं। तंबाकू में 100 से अधिक जहरीले तत्व होते हैं। गुटखे की बिक्री पर 7 साल की सजा और 10 लाख रुपये जुर्माने का प्रावधान है।
20,000 करोड़ का कारोबार
देशभर में गुटखे का करीब 20,000 करोड़ रुपये का कारोबार है। 20 फीसद गुटखे का उत्पादन दिल्ली में होता है। छोटी-बड़ी 30 गुटखा कंपनियां दिल्ली में हैं। देशभर में 16 करोड़ से अधिक लोग गुटखा खाते हैं। इनमें 50 लाख से ज्यादा स्कूली बच्चे हैं।