
नई दिल्ली। कॉर्पोरेट जासूसी कांड का खुलासा होने के बाद राजनीतिक गलियारों में भूचाल आ गया है। जहां सत्ता पक्ष बचाव में है, वहीं विपक्ष उसे घरने में लगा है। इस बीच दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने इस कांड का खुलासा करने के लिए दिल्ली पुलिस की तारीफ की है।
केजरीवाल ने ट्वीट किया दिल्ली पुलिस को जासूसी रैकेट का भंडाफोड़ करने के लिए बधाई। पूछताछ के दौरान पुलिस को उन बड़े लोगों तक पहुंचने की कोशिश करनी चाहिए, जिन्हें जानकारी लीक होने से फायदा होता।
हालांकि, केजरीवाल ने लगे हाथों दिल्ली पुलिस को नसीहत भी दे डाली। कहा कि भारत सरकार के दो मंत्रालयों की जासूसी से लाभ उठाने वाले बड़े लोगों को पकड़े दिल्ली पुलिस। इस बीच, गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि जासूसी कांड के दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने आशंका जताई कि लंबे समय से ऐसा चल रहा होगा। उन्होंने कहा कि पूरे मामले का जल्द ही खुलासा हो जाएगा।
सनसनीखेज कार्पोरेट जासूसी प्रकरण में अब तक गिरफ्तार 12 लोगों में एनर्जी कंपनियों के पांच वरिष्ठ अधिकारी और दो ऊर्जा सलाहकार शामिल हैं। यह मामला वित्त मंत्री के आगामी बजट भाषण समेत और भी कई महत्वपूर्ण और गोपनीय दस्तावेजों के कथित तौर पर लीक होने से संबंधित है।