
नई दिल्ली। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल अपनी कफ की पुरानी बीमारी से निजात पाने के लिए आज बेंगलुरू जा रहे हैं। अरविंद केजरीवाल कल यानी 13 सितंबर को बेंगलुरु में गले की सर्जरी कराएंगे। ऑपरेशन के बाद वे 10 दिन तक आराम करेंगे। इस दौरान उनकी जिम्मेदारी उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया उठाएंगे।
एक वरिष्ठ सरकारी अधिकारी के मुताबिक, आज अरविंद केजरीवाल बेंगलुरु रवाना होंगे, जहां कल उनके गले का ऑपरेशन है। उनके 22 सितंबर को वापस लौटने की संभावना है। यहां पर याद दिला दें कि बेंगलुरु स्थित नारायण हृदयालय में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के गले की सर्जरी की जाएगी।
पिछले काफी समय से खांसी आने की वजह से केजरीवाल काफी परेशान हैं। प्राकृतिक चिकित्सा के जरिए इलाज के लिए मुख्यमंत्री दो बार बेंगलुरु जा चुके हैं। वहां पर जिंदल नेचर केयर में उन्होंने इलाज कराया था।
इस इलाज से उन्हें राहत तो मिली, लेकिन शुगर के मरीज होने की वजह से स्थायी तौर पर आराम नहीं मिला। ऐसे में केजरीवाल इस बार नारायण हृदयालय में इलाज के लिए बेंगलुरु जा रहे हैं। बता दें कि नारायण हृदयालय के संस्थापक देश के जाने-माने हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. देवी शेट्टी हैं।