
-कॉलेज के इतिहास विभाग के शिक्षक ने किया कक्षाओं का बहिष्कार
नईदुनिया ब्यूरो, नई दिल्ली
दिल्ली विश्वविद्यालय के हिन्दू कॉलेज में अभी ईसीए कोटे के दाखिलों को लेकर जारी विवाद खत्म भी नहीं हुआ था कि अतिथि शिक्षकों की नियुक्ति को लेकर नया हंगामा शुरू हो गया है। हैरान करने वाली बात ये है कि अक्सर डीयू के विभिन्न कॉलेजों में प्रिंसिपल-शिक्षकों द्वारा कक्षाएं न लेने को लेकर परेशान रहते हैं, लेकिन हिन्दू कॉलेज एक शिक्षक द्वारा करीब 80 विद्यार्थियों की कक्षा को एक साथ पढ़ाने की इच्छा जाहिर करने से परेशान हैं। मौजूदा स्थिति ये है कि शिक्षक अपनी बात मनवाने के लिए कक्षाओं का बहिष्कार किए हुए हैं, जबकि कॉलेज प्रशासन न सिर्फ कक्षा को दो सेक्शन में विभाजित करने बल्कि विभिन्न विभागों में हुई अतिथि शिक्षकों की नियुक्ति को उचित ठहरा है।
हिन्दू कॉलेज में इतिहास विभाग के शिक्षक रतनलाल का आरोप है कि कॉलेज प्रशासन विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) द्वारा मंजूर शिक्षकों के पदों पर तदर्थ शिक्षकों की नियुक्ति के बजाय अपने चेहतों को अतिथि शिक्षक के रूप में नियुक्त कर लाखों का फायदा पहुंचा रहा है। यूजीसी ने ओबीसी आरक्षण के लागू होने पर कॉलेज में शिक्षकों के 44 पद मंजूर किए थे, जिनमें से 21 पर नियमित शिक्षकों की नियुक्ति हुई और शेष 23 पर तदर्थ शिक्षकों की नियुक्ति होनी थी, लेकिन कॉलेज प्रशासन ने कुछ खास लोगों को फायदा पहुंचाने के लिए तदर्थ शिक्षकों के स्थान पर अतिथि शिक्षकों की नियुक्ति की। इस प्रक्रिया में कॉलेज विश्वविद्यालय के उस आदेश की भी अनदेखी कर रहा है, जिसमें कहा गया है कि रिक्त पदों को लेकर कॉलेज रोस्टर सिस्टम को न सिर्फ लागू करे बल्कि इसे अपनी वेबसाइट पर प्रचारित भी करे। आरोप है कि बीते सत्र 2013-14 में अतिथि शिक्षकों पर हिन्दू कॉलेज ने करीब 60 लाख रुपए खर्च किए हैं।
रतन लाल ने कहा कि अतिथि शिक्षकों को नियुक्ति अपनी मर्जी से देने के उद्देश्य से कॉलेज विभागीय स्तर पर तैयार होने वाले टाइम टेबल में शिक्षकों के उपलब्ध न होने की सूरत में उन्हें एक्स, वाई, जेड नाम देकर उनके लिए पीरियड का निर्धारण कर रहा है जो अनुचित है। कॉलेज में जारी इन्हीं गड़बड़ियों के खिलाफ उन्होंने न सिर्फ कक्षाओं का बहिष्कार किया है बल्कि इस प्रकरण की जांच की मांग डीयू कुलपति, यूजीसी व मानव संसाधन एवं विकास मंत्री से की है।
यूजीसी की मंजूरी से लागू है व्यवस्था
कॉलेज प्रिंसिपल डॉ. प्रध्युम्न कुमार का कहना है कि शिक्षक की ओर से लगाए जा रहे आरोप सरासर बेबुनियाद हैं। कॉलेज स्तर पर हमेशा टाइम टेबल निर्धारण और कक्षाओं में विद्यार्थियों की संख्या तय करने का निर्णय विभाग लेता है। कॉलेज प्रिंसिपल के स्तर पर विभाग की सिफारिशों पर ही अमल होता है। जहां तक बात अतिथि शिक्षकों नियुक्ति की है तो इस मामले में यूजीसी व विश्वविद्यालय की ओर से निर्धारित नियमों का पालन किया गया है। यदि नियमों का पालन नहीं किया गया होता तो बीते सत्र में पढ़ाने वाले अतिथि शिक्षकों को दी गई राशि को यूजीसी की मंजूरी नहीं मिलती।