
- बीसीआई ने किया लॉ फैकल्टी का निरीक्षण
-नाखुश दिखी टीम, दो दिन में देगी रिपोर्ट
नईदुनिया ब्यूरो, नई दिल्ली
दिल्ली विश्वविद्यालय की लॉ फैकल्टी के अन्तर्गत आने वाले सेंटरों की मान्यता पर मंडरा रहे संकट के बीच मंगलवार को बार काउंसिल ऑफ इंडिया (बीसीआई) की एक टीम ने फैकल्टी का निरीक्षण किया। कैम्पस लॉ सेंटर, लॉ सेंटर-वन व टू में उपलब्ध संसाधनों व व्यवस्थाओं को देखने के बाद बीसीआई की टीम नाखुश नजर आई। हालांकि, टीम ने सीधे तौर पर कुछ भी कहने के बजाय अगले एक-दो दिन में रिपोर्ट देने की बात की है। ये रिपोर्ट विश्वविद्यालय कुलपति, रजिस्ट्रार व लॉ फैकल्टी के तीनों ही सेंटरों के विभागाध्यक्षों को भेजी जाएगी।
लॉ फैकल्टी में निरीक्षण के लिए पहुंची बीसीआई की टीम में छह सदस्य शामिल थे। इनमें बीसीआई के अध्यक्ष बिरी सिंह सिनसिनवार, बीसीआई के पूर्व अध्यक्ष व वरिष्ठ अधिवक्ता मनन कुमार मिश्रा, राजस्थान उच्च न्यायालय के सेवानिवृत न्यायधीश वीएस दवे, नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी के कुलपति डॉ. रणवीर सिंह, बार काउंसिल ऑफ दिल्ली के अध्यक्ष केके मनन व इंडियन लॉ संस्थान के निदेशक डॉ.मनोज सिन्हा शामिल थे। लॉ फैकल्टी के सूत्रों के अनुसार बीसीआई की टीम में शामिल ज्यादातर सदस्य संसाधनों को लेकर नाखुश थे। टीम के सदस्यों ने इस निरीक्षण के दौरान विद्यार्थियों से भी बात की और उनसे सुझाव भी मांगे। इस मौके पर शिक्षकों ने भी टीम के समक्ष एक प्रस्तुतीकरण दिया।
फोटोग्राफी व वीडियोग्राफी भी कराई
सूत्रों के अनुसार बीसीआई की टीम ने तीनों ही सेंटरों में फैकल्टी की स्थिति, नियमित व तदर्थ शिक्षकों की संख्या, लाइब्रेरी, कमरों की स्थिति आदि की जानकारी ली। इस दौरान लॉ फैकल्टी की फोटोग्राफी व वीडियोग्राफी भी कराई गई। ऐसा माना जा रहा है कि स्थिति को सुधारने के लिए ये टीम डीयू को कुछ निर्धारित समय देकर अपने यहां जारी कोर्स चलाते रहने की इजाजत दे सकती है। जहां तक फैकल्टी के अधिकारियों की बात है तो उन्होंने बीसीआई की टीम के समक्ष संसाधनों की कमी के लिए ओबीसी आरक्षण के चलते बढ़ी विद्यार्थियों की संख्या को जिम्मेदार ठहराया।