
अहमदाबाद। भाजपा जब प्रधानमंत्री पद के अपने उम्मीदवार नरेंद्र मोदी के लिए संसदीय क्षेत्र का निर्णय ले लेगी उसके बाद आम आदमी पार्टी उनके खिलाफ किसे उतारा जाए इसका फैसला करेगी।
आप के नेता संजय सिंह ने यहां यह घोषणा की। उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि आप गुजरात की सभी 26 लोकसभा सीटों से चुनाव लड़ेगी।
आप की कोर कमेटी के सदस्य लोकसभा चुनाव के मद्देनजर पार्टी की रणनीति पर चर्चा कर रहे थे।
उन्होंने दावा किया दिल्ली की तरह गुजरात में भी आप भ्रष्टाचार, बिजली के दाम व अपराध के मुद्दों पर जनता के बीच उतरेगी।
गुजरात की दो दिवसीय यात्रा पर अहमदाबाद पहुंचे सिंह ने पत्रकारों को बताया कि गुजरात में आम आदमी पार्टी के पांच लाख सदस्य बन गए हैं।
इससे सहमी राज्य सरकार आप के नेता व कार्यकर्ताओं को परेशान करने के लिए सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग कर रही है।
गुजरात खुफिया ब्यूरो के लोग परवेज बेगम पठान और एक सेवानिवृत्ता पुलिस अधिकारी डीवी दामोर को धमकाने के लिए उनके घर गए थे।