
राज्य ब्यूरो, अहमदाबाद। केंद्रीय जल संसाधन मंत्री उमा भारती ने लव जिहाद को सामाजिक समस्या करार देते हुए कहा कि इसका समाधान मां-बाप और धर्माचार्य ही तलाश सकते हैं। कानून व्यवस्था का उल्लंघन होने पर ही सरकार ऐसे मामले में दखल दे सकती है। केंद्रीय मंत्री ने साबरमती नदी की तर्ज पर देश की अन्य नदियों का विकास करने की भी बात कही।
गुजरात दौरे पर सोमवार को यहां पहुंचीं उमा भारती ने सिद्धपुर में तर्पण करने के बाद कहा, "लव जिहाद एक सामाजिक समस्या है जो अब धर्म में शामिल हो गया है। इसका समाधान संबंधित (बच्चों के) मां-बाप और धर्माचार्य ही ढूंढ़ सकते हैं, सरकार नहीं। हालांकि, यदि इस मुद्दे को लेकर कानून और व्यवस्था का कोई मसला उठता है तो हमलोग उससे निपटेंगे।" ज्ञात हो कि पिछले कुछ दिनों से लव जिहाद का मुद्दा सुर्खियों में आ गया है।
इस मौके पर केंद्रीय मंत्री ने नदियों के उसके प्राकृतिक स्वरूप में लाने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात में नदियों के विकास पर काफी काम किया है। साबरमती नदी का विकास देश के अन्य राज्यों के समक्ष एक मॉडल के तौर पर पेश किया जाएगा। केंद्रीय मंत्री ने साबरमती रिवरफ्रंट योजना में भी गहरी रुचि दिखाई। उमा भारती ने गुजरात की मुख्यमंत्री आनंदीबेन पटेल से भी मुलाकात की।