
अहमदाबाद। शहर के शहपुर अड्डा क्षेत्र में रविवार रात दंगाइयों को काबू में करने के लिए पुलिस को भारी मशक्कत करनी पड़ी। दंबाई पुलिस पर क्रूड बम फेंक रहे थे और भारी पथराव कर रहे थे। अधिकारियों ने बताया कि स्थिति को नियंत्रण में करने के लिए पुलिस को 60 से अधिक आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े।
दरअसल, शनिवार को हुए दंगे के आरोपियों की तलाश में पुलिस शाहपुर अड्डा में दबिश देने गई थी। इससे गुस्साए स्थानीय लोगों ने पुलिस पर क्रूड बम से हमला कर दिया और भारी पथराव किया। स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए और हिंसक हो रही भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े।
पुलिस ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है और संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी है। बकरीद सोमवार यानी आज मनाई जानी है, ऐसे में इलाके में अतिरिक्त बलों को तैनात किया गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शाहपुर अड्डा के लोग शनिवार से तनाव में थे और इसलिए जैसे ही वहां क्राइम ब्रांच की टीम पहुंची, लोगों ने पथराव शुरू कर दिया।
शनिवार को गाय काटने वालों की तलाश में पुलिस की एक टीम मिर्जापुर क्षेत्र में दबिश के लिए निकली थी। शाहपुर पुलिस से इस मिनी ट्रक को बचाने के लिए मोहम्मद हनीफ की अगुवाई में कई लोगों के समूह ने पुलिस पर पथराव कर दिया था। हनीफ और उसके तीन सहयोगियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, लेकिन अन्य आरोपी अभी फरार हैं। क्राइम ब्रांच की टीम वहां फरार आरोपियों की तलाश में रविवार को दबिश देने गई थी।