
मुंबई। महाराष्ट्र में पहली बार भाजपा सरकार बना रही है और आज शाम देवेंद्र फडणवीस मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेंगे। इस शपथ ग्रहण समारोह में शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे भी शामिल होंगे। इस आशय की जानकारी शिवसेना सांसद विनायक राउत ने दी।
सांसद राउत के अनुसार, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने फोन पर शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे से बात की और उन्हें शपथ ग्रहण समारोह में आने का न्योता दिया। इसके साथ ही मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने वाले भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस ने भी फोन पर उद्धव ठाकरे को शपथ ग्रहण समारोह में आने का न्योता दिया था। इसके बाद उद्धव ठाकरे ने समारोह में आने का फैसला किया।
वानखेड़े स्टेडियम में होने वाले इस शपथ ग्रहण समारोह के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इसमें करीब चालीस हजार लोगों के जुटने की उम्मीद है। नई दिल्ली पहुंचे फड़नवीस ने गुरुवार को मंत्रिमंडल के बाबत भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर चर्चा भी की थी। फडणवीस के साथ जिन अन्य लोगों के मंत्री के रूप में शपथ लेने की संभावना है, उनमें एकनाथ खडसे, सुधीर मंगतीवार, विनोद तावडे और पंकजा मुंडे प्रमुख हैं। फडणवीस के मंत्रिमंडल में सदस्यों की संख्या दस के करीब रहने की संभावना है।
नागपुर से चौथी बार विधायक चुने गए फडणवीस महाराष्ट्र के 27वें मुख्यमंत्री बनेंगे। वह विदर्भ क्षेत्र से मुख्यमंत्री बनने वाले चौथे व्यक्ति होंगे। शपथग्रहण समारोह के मद्देनजर दक्षिण मुम्बई में स्थित वानखेडे स्टेडियम के आसपास बेहद कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है और इस समारोह के लिए 2,500 से अधिक सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है। वीआईपी और वीवीआईपी के वाहनों की सुचारू ढंग से आवाजाही के लिए घरेलू हवाई अड्डे से समारोह स्थल तक 1100 यातायात पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। पुलिस ने बताया कि स्टेडियम में पहली बार खुले में शपथ ग्रहण समारोह आयोजित हो रहा है और इसे ‘उड़ान के लिए वर्जित क्षेत्र’ घोषित कर दिया गया है।
शपथ के लिए बनाए जा रहे 250 फीट लंबे एवं 40 फीट चौड़े अर्द्धचंद्राकार मंच पर भी महाराष्ट्र की प्राचीन संस्कृति, धरोहर एवं शिवाजी से जुड़ी यादों का समावेश किया गया है। इसे तैयार करने के लिए 700 से ज्यादा कारीगरों ने पिछले तीन दिनों से दिन-रात काम किया है।