
मुंबई। कल्याण के रहने वाले 17 वर्षीय प्रेम पटेल को कम लंबाई के कारण उसके दोस्त नाट्या-नाट्या कहते थे। कम लंबाई के कारण दोस्तों के द्वारा दिया जाने वाला ताना उसे नर्क भोगने जैसा लगता था। इससे परेशान होकर उसने लिंब लेंथनिंग सर्जरी (शरीर को लंबा करने के लिए सर्जरी) कराने का फैसला किया। मगर, यह फैसला उस नर्क से भी ज्यादा भयावाह साबित हुआ।
सर्जरी में हुई गलती के कारण अब वह चलने फिरने में भी अक्षम हो गया है। ऑटो ड्राइवर के बेटे प्रेम की लंबाई पहले पांच फुट एक इंच थी। उसने डॉक्टर से लंबाई बढ़ाने के लिए संपर्क किया, तो उसने सायन हॉस्पिटल में इलाज कराने को कहा। वहां डॉक्टर बिनोती सेठ ने जांच के बाद बताया कि उसे इपिफाईसील डिस्प्लासिया नाम की जेनेटिक बीमारी है।
यह भी पढ़ें : अब पाक जाकर लश्कर के अपने आकाओं को मारना चाहता है नावेद
इसके कारण उसकी हडि्डयों और उपास्थियों का विकास प्रभावित हुआ है। डॉक्टर ने बताया कि लिंब लेंथनिंग प्रोसीजर के जरिये उसकी लंबाई एक सेंटीमीटर तक बढ़ सकती है।
प्रेम ने बताया कि 25 जून 2013 को उसकी सर्जरी हुई और उसके बाद सब गड़बड़ हो गया। वह आखिरी दिन था, जब प्रेम बिना सहारे के अपने पैरों पर चला था। सर्जरी के बाद वह ठीक से चल फिर भी नहीं पाता था और उसके पैरों की हडि्डयों में जबरदस्त दर्द होता था। इस समस्या को दूर करने के लिए पांच अन्य सर्जरी भी की गई, लेकिन उसकी समस्या ठीक नहीं हुई।
यह भी पढ़ें : लंबा होने के लिए कराई छह सर्जरी, अब चल भी नहीं पाता
प्रेम ने बताया कि उसकी मां इस सर्जरी के लिए तैयार नहीं थीं, लेकिन जिद के कारण मां को झुकना पड़ा। प्रेम की मां बताती हैं कि हम बहुत गरीब हैं और जिंदगी भर की जमा पूंजी करीब तीन लाख रुपए प्रेम के इलाज पर खर्च हो चुके हैं, लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला।
हालांकि, इस बारे में प्रेम की सर्जरी करने वाले डॉक्टर बिनोती का कहना है कि प्रेम ने मेडिकल एडवाइस का पालन नहीं किया। उन्होंने बताया कि एथिकल मेडिकल स्टैंडर्ड के तहत ही प्रेम का इलाज किया गया था। मगर, उसने नियमित तरीके से दवाएं नहीं लीं और बाद में डॉक्टर को भी नहीं दिखाया।