
नासिक। स्थानीय लोगों के कड़े विरोध के कारण शुक्रवार को भूमाता ब्रिगेड की मुखिया तृप्ति देसाई को नासिक के कपालेश्वर (शिव) मंदिर में गर्भगृह के दर्शन किए बिना वापस लौटना पड़ा। पुलिस उपायुक्त श्रीकांत धिवरे ने बताया कि तृप्ति की सुरक्षा के लिए पुलिस व्यवस्था की गई थी।
गोदावरी नदी के तट पर स्थित कपालेश्वर मंदिर के गर्भगृह में पुजारियों के अलावा पुरुषों और महिलाओं दोनों को प्रवेश करने की अनुमति नहीं है। तृप्ति देसाई महाराष्ट्र के प्रमुख मंदिरों के मुख्य भाग में महिलाओं के प्रवेश के प्रतिबंध के खिलाफ काफी समय से आंदोलनरत है। धिवरे ने बताया कि देसाई ने शुक्रवार को कपालेश्वर मंदिर के कुछ ट्रस्टियों से भी मुलाकात की।
पुलिस आयुक्त ने बताया कि, जब वह मंदिर पहुंची तो वहां एकत्रित भीड़ ने उनका काफी विरोध किया। उन्होंने कहा कि मंदिर परिसर पूरी तरह से भक्तों से भरा पड़ा था और उन्होंने तृप्ति द्वारा मंदिर के मुख्य क्षेत्र में प्रवेश करने की योजना का सख्त विरोध किया। पुलिस ने वहां कड़ी सुरक्षा व्यवस्था प्रदान की है।