
जयपुर। राजस्थान के टोंक स्थित एक चर्च में दलित समाज के लोगों का धर्म परिवर्तन कराये जाने की सूचना के बाद हड़कंप मच गया। प्रार्थना सभा के आयोजन स्थल पर हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने पहुंचकर अपना विरोध दर्ज कराया।
मौके पर पहुंची पुलिस ने कथित प्रचार सामग्री के साथ तीन महिलाओं सहित सात लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। टोंक हाउसिंग बोर्ड के सेक्टर चार स्थित एक मकान पर पुलिस के साथ हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता दलितों का धर्म परिवर्तन कराने की सूचना पर पहुंचे थे। पुलिस को हंगामा स्थल से प्रचार सामग्री के साथ ही खाने-पीने का इंतजाम भी देखने को मिला।
जिला प्रशासन एवं पुलिस के अधिकारी इस बारे में कुछ भी बताने को तैयार नहीं हैं। टोंक पुलिस थाना के दीवान प्रभूलाल ने बताया कि धर्म परिवर्तन जैसा कोई मामला नहीं था, एक पार्टी जरूर थी। कुछ लोगों को गलत फहमी हो गई थी। जिन लोगों को हिरासत में लिया गया है, उनसे पूछताछ की जा रही है।