
सैन फ्रांसिस्को। आइफोन बनाने वाली कंपनी एपल ऐसे 250 ऐप्स को प्रतिबंधित करने जा रही है, जो चोरी से यूजर की निजी जानकारी हासिल करते हैं। टेक कंपनी ने यह फैसला अपने ऑनलाइन स्टोर की प्राइवेट पॉलिसी के उल्लंघन करने के बाद लिया है।
शोधकर्ताओं ने पाया था कि सैकड़ों ऐप्स चीनी एडवर्टाइजिंग सॉफ्टवेयर का उपयोग करते हुए यूजर की निजी जानकारी चुरा रहे थे। इसका पता चलने के बाद एपल ने इन ऐप्स को बैन करने की घोषणा की है।
कैलिफोर्निया की कंपनी ने अपने बयान में कहा कि हमने ऐसे कुछ ऐप्स की पहचान की है, जो थर्ड पार्टी एडवर्टाइजिंग सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट किट का उपयोग करते हैं। इसे मोबाइल एडवर्टाइजिंग प्रोवाइडर योमी ने डेवलप किया है, जो कि यूजर की निजी जानकारी जैसे ई-मेल एड्रेस, डिवाइस आईडेंटीफायर आदि की जानकारी गुपचुप तरीके से हासिल करता है।
यह कंपनी की सिक्योरिटी एंड प्राइवेट गाइडलाइन्स का उल्लंघन है। योमी के सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट किट (एसडीके) का उपयोग करने वाले ऐप्स को एप स्टोर से हटाया जाएगा और एसडीके का उपयोग करने वाले नए एप को भी खारिज किया जाएगा। हम डेवलपर्स के साथ मिलकर उन ऐप्स को अपडेट कर रहे हैं, जो यूजर्स के लिए सेफ हों।