पीएम और मंत्रियों के नाम पर वायरल हो रहे AI जनरेटेड फर्जी वीडियो, मुफ्त EV साइकिल के दावे की खुली पोल
हाल ही में इंटरनेट मीडिया पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में दावा किया जा रहा है कि केंद्र सरकार स्कूल जाने वाले सभी बच्चों को मुफ्त में ईवी साइकिल बांटने जा रही है।
Publish Date: Sat, 04 Jul 2026 12:01:21 PM (IST)Updated Date: Sat, 04 Jul 2026 12:02:08 PM (IST)
एआई से बना चित्र।HighLights
- झूठी योजनाओं का जाल
- साइबर फ्रॉड की साजिश
- जांच के बाद ही करें भरोसा
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) हमारे काम को आसान बना रहा है, वहीं इसका एक दूसरा और खतरनाक पहलू भी सामने आ रहा है। इन दिनों इंटरनेट मीडिया फेसबुक, इंस्टाग्राम, एक्स और वाट्सएप पर AI जनरेटेड फर्जी वीडियो और डीपफेक कंटेंट की बाढ़ आई हुई है। शातिर ठग और असामाजिक तत्व तकनीक का दुरुपयोग कर हुबहु असली दिखने वाले वीडियो बना रहे हैं, जिससे लोग आसानी से भ्रमित हो रहे हैं।
पीएम का वीडियो तेजी से रहा है वायरल
हाल ही में इंटरनेट मीडिया पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में दावा किया जा रहा है कि केंद्र सरकार स्कूल जाने वाले सभी बच्चों को मुफ्त में ईवी साइकिल बांटने जा रही है। वीडियो देखने में इतना असली लगता है कि लोग बिना सोचे-समझे इसे सच मान रहे हैं और धड़ाधड़ शेयर कर रहे हैं। इसी तरह के कई केंद्रीय मंत्रियों के भी सरकारी योजनाओं को लेकर वीडियो वायरल हो रहे हैं। ऐसे में इन वीडियो पर विश्वास करने व फारवर्ड करने से पहले सत्यता जान लें, अन्यथा परेशानी में पड़ सकते हैं।
सरकार के फैक्ट चेक में खुली पोल, वीडियो निकला पूरी तरह फर्जी
पीएम के वीडियो की जब सरकार ने जांच करवाई तो वह फर्जी पाया गया। शरारती तत्वों ने पीएम की पुरानी जनसभा या भाषण के वीडियो को उठाकर एआइ टूल और वाइस क्लोनिंग तकनीक के जरिए उनकी आवाज और होठों की मूवमेंट को बदल दिया, ताकि ऐसा लगे कि वे योजना की घोषणा कर रहे हैं। जबकि ईवी साइकिल देने की सरकार की कोई योजना अस्तित्व में नहीं है।
कई वीडियो हैं वायरल
इंटरनेट मीडिया पर विभिन्न जन-कल्याणकारी योजनाओं, मुफ्त भत्ते, लाडली बहना योजना या मुफ्त स्मार्टफोन-लैपटाप वितरण को लेकर रोजाना सैकड़ों एआइ जनरेटेड वीडियो और पोस्ट तैर रहे हैं। अक्सर इन वीडियो के नीचे या कमेंट बाक्स में एक संदिग्ध लिंक दिया होता है, जिस पर क्लिक करके फार्म भरने को कहा जाता है। जैसे ही कोई नागरिक उस लिंक पर जाता है, तो उनसे उनकी व्यक्तिगत जानकारी, बैंक डिटेल या गोपनीय दस्तावेज मांग लिए जाते हैं, जिससे लोग साइबर फ्राड का शिकार हो जाते हैं।