
मल्टीमीडिया डेस्क। गूगल अपने बहुचर्चित प्रोजेक्ट गूगल ग्लास को दोबारा लॉन्च करने की तैयारियां पूरी करने में जुटा हुआ है। ऐसी खबरें हैं कि कंपनी बिना ग्लास वाला गूगल ग्लास भी लॉन्च कर सकती है।
यानी नए गूगल ग्लास को बिना ग्लास के लॉन्च किया जा सकता है लेकिन इसमेमं ऑडियो की सुविधा बनी रहेगी। ग्लास प्रोजेक्ट पर गूगल के आरा प्रोजेक्ट की टीम ही काम कर रही है।
आपको याद होगा कि गूगल ग्लास का पहला प्रोटोटाइप 2013 में पेश किया गया था, हालांकि तकनीकी कारणों से कंपनी ने उसे जनवरी 2015 में बाजार से वापस ले लिया था।
लेकिन अब कंपनी ग्लास के तीन वेरिएंट्स पर काम कर रही है। ये तीनों वेरिएंट्स अलग-अलग श्रेणी के यूजर्स के लिए बनाए जा रहे हैं। इनमें से एक वेरिएंट में ग्लास होगा, जबकि दो में नहीं होगा। ग्लास वाला प्रोडक्ट एंटरप्राइज कस्टमर्स के लिए बनाया जा रहा है।
पूर्ववर्ती गूगल ग्लास की तरह ही नया प्रोडक्ट भी बोन कंडक्शन टेक्नोलॉजी का उपयोग करेगा तथा यूजर को ऑडियो उपलब्ध कराएगा। ऐसी संभावना है कि नए ग्लास 2016 में पेश किए जा सकते हैं।