
मल्टीमीडिया डेस्क। क्या आप अपनी हथेली को कीबोर्ड के रूप में उपयोग कर सकते हैं। फिलहाल तो शायद नहीं। लेकिन जल्द ही ऐसा करना संभव होगा। गूगल ने एक नई तकनीक का पेटेंट हासिल किया है, जिसके उपयोग से आप अपनी हथेली को कीबोर्ड की तरह उपयोग कर सकेंगे।
गूगल ने गूगल ग्लास जैसा एक हैंडसेट बनाया है, जो इंटरेक्टिव वर्चुअल कीबोर्ड को सीधे ही उपयोगकर्ता की हथेली पर उतार देता है।
ब्रिटिश अखबार डेलीमेल की एक खबर के अनुसार, हैंडसेट में मौजूद एक कैमरा अंगुलियों की मूवमेंट को ट्रैक करेगा, जिससे वेबसाइट या ऐप में जानकारी को फीड करने से पहले यह पता चलता है कि कौन-सी बटन्स को दबाया गया है।
गूगल ने इस पेटेंट को जून 2012 में फाइल किया गया था और हाल ही में यह कंपनी को मिला है। वर्चुअल इनपुट डिवाइस के लिए इसमें एक छोटा प्रोजेक्टर और एक कैमरा भी लगाया गया है।
वर्चुअल कीबोर्ड में पहली अंगुली नंबर्स के लिए और बीच की सिंबल्स के लिए असाइन की जा सकती है। वैकल्पिक रूप से अक्षर, अंगुलियों और हथेली पर ऊपर से नीचे की तरफ असाइन किए जा सकते हैं। दोनों हाथों से अलग-अलग बटन्स को दबाने के लिए यूजर्स को अपने अंगूठों का इस्तेमाल करना होगा।
इस तकनीक के उपयोग से यूजर अपनी हथेली पर वीडियो भी देख सकता है। इसके अलावा इस पेटेंट में लिखा गया है कि यह डिवाइस शरीर के किसी हिस्से पर एक ट्रैकपैड प्रोजेक्ट कर सकती है जिससे कंट्रोल और बेहतर करने में सावधानी हो।