
टेक्नोलॉजी डेस्क। क्या आपके साथ भी कभी ऐसा हुआ है कि आपने किसी दोस्त से नए जूते खरीदने या कहीं घूमने की बात की हो और कुछ ही मिनटों में इंस्टाग्राम या यूट्यूब खोलते ही उसी चीज के विज्ञापन स्क्रीन पर दिखने लगें? ज्यादातर लोगों को लगता है कि उनका स्मार्टफोन चोरी-छिपे उनकी बातें सुन रहा है। हालांकि, टेक एक्सपर्ट्स का मानना है कि इसके पीछे कंपनियों का एडवांस डेटा ट्रैकिंग एल्गोरिदम काम करता है, जो आपकी सर्च हिस्ट्री, लोकेशन और ऐप्स की एक्टिविटी से अंदाजा लगा लेता है कि आप क्या खरीदने वाले हैं। यदि आप भी इस तरह के टारगेटेड ऐड्स से परेशान हैं, तो नीचे दी गई आसान सेटिंग्स को तुरंत बंद करके अपनी प्राइवेसी सुरक्षित कर सकते हैं।
माइक की परमिशन और वॉयस ट्रैकिंग बंद करें: शॉपिंग, गेमिंग या फोटो एडिटिंग ऐप्स को माइक की जरूरत नहीं होती, फिर भी वे बैकग्राउंड में इसका एक्सेस रखते हैं। इसे रोकने के लिए फोन की Settings > Privacy > App Permissions > Microphone में जाएं और गैर-जरूरी ऐप्स के लिए परमिशन को Don't Allow कर दें। साथ ही एंड्रॉयड यूजर्स गूगल अकाउंट की Data & Privacy > Web & App Activity में जाकर Include Audio and Voice Activity वाले बॉक्स को भी अनचेक कर दें।
गूगल की ऐड आईडी और पर्सनलाइज्ड ऐड्स ऑफ करें: गूगल आपकी सर्च हिस्ट्री से एक प्रोफाइल बनाकर आपकी पसंद के विज्ञापन दिखाता है। इसे बंद करने के लिए फोन की Settings > Google > Ads पर टैप करें और Delete Advertising ID चुनकर पुरानी ट्रैकिंग आईडी मिटा दें। इसके अलावा My Ad Center में जाकर पर्सनलाइज्ड ऐड्स के टॉगल को भी बंद कर दें।
सोशल मीडिया की ऑफ-प्लेटफॉर्म ट्रैकिंग रोकें: फेसबुक और इंस्टाग्राम दूसरी वेबसाइट्स पर आपकी एक्टिविटी ट्रैक करते हैं। इसे बंद करने के लिए इंस्टाग्राम या फेसबुक की Settings > Accounts Center > Your Information and Permissions में जाएं। यहां Your Activity Off Meta Technologies पर क्लिक करके Disconnect Future Activity चुनें और पुरानी हिस्ट्री क्लियर कर दें।
यह भी पढ़ें- दूल्हे राजा की बारात में चार चांद लगा देंगी ये शानदार लग्जरी कारें, देखते ही हर मेहमान रह जाएगा दंग