
टेक डेस्क। दुनिया भर के करोड़ों iPhone यूजर्स के लिए एक बेहद डरावनी खबर सामने आई है। साइबर सुरक्षा शोधकर्ताओं ने एक घातक स्पाइवेयर (Spyware) का खुलासा किया है, जो पुराने iOS वर्जन पर चल रहे लगभग 27 करोड़ iPhones को अपना निशाना बना सकता है। यह स्पाइवेयर इतना एडवांस है कि बिना किसी फाइल को डाउनलोड किए, केवल एक लिंक के जरिए आपके फोन में सेंध लगा सकता है।
शोधकर्ताओं के अनुसार, यह स्पाइवेयर एक जटिल 'एक्सप्लॉइट चेन' (Exploit Chain) का हिस्सा है। हैकर्स एक साथ सॉफ्टवेयर की 6 अलग-अलग कमियों का फायदा उठाकर डिवाइस का एक्सेस प्राप्त कर लेते हैं।
साइलेंट अटैक: इसकी सबसे खतरनाक खूबी 'हिट-एंड-रन' तकनीक है। यह चंद सेकंड या मिनटों में आपके iPhone से सारा संवेदनशील डेटा चोरी करता है और फिर खुद को सिस्टम से मिटा देता है, जिससे पकड़े जाने का कोई निशान नहीं बचता।
नो-डाउनलोड खतरा: यूजर को किसी ऐप या फाइल को डाउनलोड करने की जरूरत नहीं होती; बस एक संदिग्ध लिंक पर क्लिक करना ही हैकर को आपके फोन की चाबियाँ सौंपने के बराबर है।
यह खतरा उन iPhones पर सबसे ज्यादा है जो iOS 18.4 से iOS 18.7 के पुराने वर्जन्स पर चल रहे हैं। दुनिया भर में ऐसे लगभग 27 करोड़ डिवाइस सक्रिय हैं।
अगर आप भी iPhone यूजर हैं, तो अपनी सुरक्षा के लिए तुरंत ये कदम उठाएं...
सॉफ्टवेयर अपडेट: अपने डिवाइस को तुरंत iOS 26 या उसके बाद के लेटेस्ट वर्जन पर अपडेट करें। गूगल और एप्पल के शोधकर्ताओं के अनुसार, iOS 26.3 में उन सभी सुरक्षा खामियों को पैच (ठीक) कर दिया गया है, जिनका फायदा हैकर्स उठा रहे थे।
लिंक पर सावधानी: किसी भी अनजान ईमेल, मैसेज या व्हाट्सएप पर आए संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें।
सुरक्षा सेटिंग्स: अपने फोन की सेटिंग्स में जाकर 'Security & Privacy' अपडेट्स की नियमित जांच करें।
यह भी पढ़ें- 8,400 वेबसाइटें ब्लॉक, फिर भी ऑनलाइन जुए और अवैध सट्टेबाजी पर नहीं लग पा रही रोक, ईरान संकट के बाद देश में फैलाया जाल