_m.webp)
टेक्नोलॉजी डेस्क। सस्ते रिचार्ज प्लान तलाश रहे मोबाइल यूजर्स के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। जियो ने केवल कॉलिंग वाले नए प्रीपेड रिचार्ज प्लान्स बाजार में उतार दिए हैं।
TRAI के कड़े निर्देशों के बाद जियो ने भी यह कदम उठाया है। कंपनी के ये नए वॉइस-ओनली प्लान्स 147 रुपये की शुरुआती कीमत से आते हैं, जिनमें बिना इंटरनेट डेटा के अनलिमिटेड कॉलिंग की सुविधा दी जा रही है।
कंपनी ने इन सभी रिचार्ज विकल्पों को अपनी आधिकारिक वेबसाइट और मायजियो ऐप पर 'ट्राई-मेंडेट पैक्स' नाम से अलग सेक्शन बनाकर शामिल किया है। जियो के ये प्लान्स खास तौर पर उन ग्राहकों के लिए तैयार किए गए हैं, जिन्हें मोबाइल डेटा की जरूरत नहीं होती और वे केवल सिम कार्ड एक्टिव रखने या सामान्य बातचीत के लिए सस्ता प्लान चाहते हैं।
इसके लिए कंपनी ने 22 दिन, 28 दिन, 30 दिन, पूरे एक कैलेंडर महीने, 84 दिन और 336 दिनों की अलग-अलग वैलिडिटी वाले कई विकल्प दिए हैं।
147 रुपये का पैक
इस नई श्रेणी का सबसे किफायती और शुरुआती प्लान 147 रुपये का है। इसमें 22 दिनों की वैलिडिटी मिलती है। इस दौरान पूरे देश में किसी भी नेटवर्क पर अनलिमिटेड कॉलिंग और कुल 300 एसएमएस की सुविधा दी जा रही है।
177 रुपये का पैक
इस प्लान में ग्राहकों को पूरे 28 दिनों की वैलिडिटी के साथ अनलिमिटेड लोकल व एसटीडी कॉलिंग और 300 एसएमएस मिलते हैं।
196 रुपये का पैक
अगर आपको पूरे 30 दिनों की वैधता चाहिए, तो 196 रुपये का यह रिचार्ज पैक सही रहेगा। इसमें भी बिना डेटा के 30 दिनों तक मुफ्त कॉलिंग और 300 एसएमएस दिए जा रहे हैं।
197 रुपये का कैलेंडर मंथ पैक
यह खास मंथली रिचार्ज पैक कैलेंडर तारीख के हिसाब से चलता है। यानी जिस तारीख को आप रिचार्ज कराएंगे, ठीक उसी तारीख को अगले महीने यह खत्म होगा।
इन चारों शुरुआती प्लान्स में अनलिमिटेड कॉलिंग और 300 एसएमएस मिलते हैं, लेकिन इनमें कोई भी मोबाइल डेटा शामिल नहीं है।
448 रुपये का 84 दिनों वाला पैक
बार-बार रिचार्ज कराने की परेशानी से बचने और करीब तीन महीने तक सिम चालू रखने के लिए यह प्लान बेहतरीन है। 84 दिनों की वैधता वाले इस पैक में अनलिमिटेड कॉलिंग के साथ कुल 1,000 एसएमएस और जियो ऐप्स के साथ चुनिंदा ओटीटी प्लेटफॉर्म्स का सब्सक्रिप्शन भी मिलता है।
1,748 रुपये का 336 दिनों वाला सालाना पैक
पूरे साल भर के लिए सिम कार्ड एक्टिव रखने वाले ग्राहकों के लिए 1,748 रुपये का यह बड़ा पैक बेहद मुफीद साबित होगा। 336 दिनों की लंबी वैलिडिटी के साथ इसमें अनलिमिटेड कॉलिंग, कुल 3,600 एसएमएस और ओटीटी ऐप्स का फ्री एक्सेस मिलता है।