Maruti Suzuki E Vitara: मारुति सुजुकी की पहली इलेक्ट्रिक कार 3 सितंबर को होगी लॉन्च; जानें रेंज, फीचर्स और डिजाइन
मारुति सुजुकी की पहली इलेक्ट्रिक SUV E Vitara भारत में 3 सितंबर 2025 को लॉन्च होगी। इसमें 500 किमी की रेंज, लेटेस्ट टेक्नोलॉजी, प्रीमियम फीचर्स और हाई सेफ्टी स्टैंडर्ड दिए गए हैं। दो बैटरी ऑप्शन और 2WD/4WD वर्जन के साथ यह EV सेगमेंट में धमाल मचाने को तैयार है।
Publish Date: Tue, 22 Jul 2025 09:19:21 AM (IST)
Updated Date: Tue, 22 Jul 2025 09:19:21 AM (IST)
मारुति सुजुकी भारत में अपनी पहली इलेक्ट्रिक एसयूवी E Vitara लेकर आ रही है। (फोटो- सोशल मीडिया)टेक्नोलॉजी डेस्क, इंदौर। Maruti Suzuki E Vitara Launch: भारत की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी मारुति सुजुकी जल्द ही भारतीय बाजार में अपनी पहली इलेक्ट्रिक एसयूवी E Vitara लॉन्च करने जा रही है। कंपनी ने इसकी लॉन्चिंग डेट का ऐलान कर दिया है।
E Vitara को 3 सितंबर 2025 को भारत में आधिकारिक रूप से लॉन्च किया जाएगा। लंबे समय से इसकी टेस्टिंग भारतीय सड़कों पर हो रही थी। अब इसके डिजाइन, फीचर्स और बैटरी रेंज की पूरी जानकारी सामने आ चुकी है।
मारुति सुजुकी E Vitara स्टाइलिश
- मारुति की यह नई इलेक्ट्रिक एसयूवी पहले भारत मोबिलिटी एक्सपो में दिखाई जा चुकी है। टेस्टिंग के दौरान दिखी कार में वर्टिकल हेडलाइट्स, स्लिम फ्रंट ग्रिल और सुजुकी लोगो के नीचे चार्जिंग पोर्ट देखा गया है।
- फॉग लाइट्स को बंपर के काफी नीचे लगाया है। रियर एंड में कनेक्टेड टेल लाइट्स, एंगुलर बंपर और पॉलिगोनल व्हील आर्च नजर आते हैं। पीछे के दरवाजों के हैंडल C-पिलर पर दिए हैं।
फीचर्स में लेटेस्ट टेक्नोलॉजी और हाई सेफ्टी स्टैंडर्ड
- E Vitara में 10.25 इंच की टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम और डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर मिलेगा। इसके अलावा इसमें फिक्स्ड ग्लास सनरूफ, हारमैन साउंड सिस्टम, वेंटिलेटेड सीट्स, एंबिएंट लाइटिंग और वायरलेस चार्जिंग जैसी प्रीमियम सुविधाएं होंगी।
- सुरक्षा की बात करें तो इसमें 7 एयरबैग्स, लेवल-2 ADAS, 360-डिग्री कैमरा, टायर प्रेशर मॉनिटरिंग और चारों पहियों में डिस्क ब्रेक्स मिलेंगे।
बैटरी, रेंज और पावरफुल परफॉर्मेंस
- E Vitara यूरोपीय मार्केट में पहले ही लॉन्च हो चुकी है। वहां यह कार 49 kWh और 61 kWh की दो बैटरी ऑप्शन में उपलब्ध है, जो BYD की LFP बैटरी तकनीक पर आधारित है।
- बड़ी बैटरी के साथ यह एक बार चार्ज करने पर 500 किलोमीटर की रेंज देने का दावा करती है। इसमें 2WD और 4WD ऑप्शन मिलते हैं, साथ ही इको, नॉर्मल, स्पोर्ट्स और स्नो जैसे ड्राइविंग मोड भी उपलब्ध हैं।