
टेक्नोलॉजी डेस्क, इंदौर। आजकल बहुत कम ऐसे लोग होंगे, जो स्मार्टफोन का उपयोग नहीं करते होंगे। ऐसे स्मार्टफोन रखने वाले यूजर्स के सामने आमतौर पर एक समस्या आती है कि चार्जिंग के दौरान उनका फोन गर्म हो जाता है। मोबाइल चार्जिंग के दौरान यदि डिवाइस कुछ गर्म होता है तो यह एक सामान्य बात है, लेकिन ये बहुत अधिक गर्म होता है, इसको बिल्कुल भी अनदेखा नहीं करना चाहिए। इस दौरान कुछ बातों का विशेष ध्यान रखना चाहिए।
कई बार हम देखते हैं कि मोबाइल यूजर्स अपने स्मार्टफोन को चार्जिंग पर लगाकर छोड़ देते हैं। मोबाइल की बैटरी को फुल चार्ज होने के बाद भी यदि चार्जिंग लगाकर रखते हैं तो इससे मोबाइल गर्म हो सकता है। ओवरचार्ज फोन को चार्जिंग पर लगाने से फोन की परफॉर्मेंस और बैटरी लाइफ प्रभावित होती है।

कई यूजर्स फोन को चार्ज पर लगाकर मूवी या गेम खेलते हैं। ऐसा करने से फोन को अपने CPU और GPU से लगातार काफी प्रोसेसिंग पावर की जरूरत होती है। इस कारण फोन गर्म हो जाता है। मल्टीटास्किंग काम होने के कारण फोन की बैटरी गर्म होने लगती है। चार्जिंग के दौरान फोन का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए।
अगर आप मोबाइल चार्जिंग के लिए किसी थर्ड पार्टी चार्जर या केबल का इस्तेमाल करते हैं तो इससे भी फोन को नुकसान पहुंच सकता है। इस कारण से भी मोबाइल गर्म हो जाता है। मोबाइल चार्जिंग के दौरान हमेशा ओरिजिनल इक्विपमेंट का उपयोग करना चाहिए।
जब भी अपने फोन को चार्जिंग पर लगाएं तो वेंटिलेशन का भी ध्यान रखें। कई बार इंटरनल कंपोनेंट्स द्वारा जो हीट पैदा होती है, वह मोबाइल बॉडी से बाहर नहीं आ पाती है। इस कारण फोन गर्म हो जाता है। ऐसे में चार्जिंग के दौरान फोन के चारों ओर एयर सर्कुलेशन का भी ध्यान रखें।