
भरत मानधन्या, इंदौर। सिंहस्थ में करोडो लोगों की भीड़ जुटने की उम्मीद है। इसके लिए तैयारियां शुरू हो चुकी है। भीड़ को कंट्रोल करने से लेकर अन्य कार्यों के लिए तकनीक की मदद ली जाएगी। सिंहस्थ को ध्यान में रखते हुए एसजीएसआइटीएस के कंप्यूटर साइंस विभाग के विद्यार्थियों ने ऐसा डिवाइस तैयार किया है, जो भीड़ को कंट्रोल करने में मदद करेगा।
दरअसल, कई क्षेत्र ऐसे होते हैं, जहां चुनिंदा लोगों के प्रवेश की अनुमित होती है, लेकिन कई बार इन क्षेत्रों में गैर अधिकृत लोग प्रवेश कर जाते हैं, जिससे क्राउंड मैनेजमेंट प्रभावित होता है। इसी को देखते हुए शोधार्थियों ने ऐसा मॉडल तैयार किया है जो गैर अधिकृत लोगों की पहचान कर कंट्रोल रूम को अलर्ट करेगा।
इस मॉडल को खासतौर पर उन जगहों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है, जहां प्रवेश केवल चुनिंदा लोगों को ही दिया जाता है। कई बार ऐसी जगहों पर भीड़ या दूसरे कारणों से अनजान लोग भी अंदर पहुंच जाते हैं। ऐसे में हर कैमरे की फुटेज पर नजर रखना और वहां मौजूद लोगों की पहचान करना आसान नहीं होता।
इस समस्या को देखते हुए कंप्यूटर साइंस के विद्यार्थियों ने मशीन लर्निंग आधारित मॉडल तैयार किया है। यह कैमरे से मिलने वाली लाइव तस्वीरों को पहले से दिए गए चेहरों के डाटा से मिलाकर व्यक्ति की पहचान करता है। विद्यार्थियों ने इस सिस्टम को फेस ट्रेक: रियल टाइम फेस रिकाग्निशन एंड एलर्ट सिस्टम फाॅर लाइव वीडियो नाम दिया है।
एसजीएसआईटीएस के कंप्यूटर इंजीनियरिंग विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. उर्जिता ठकार के अनुसार, इसमें किसी भी व्यक्ति की पहचान के लिए सबसे पहले उसकी तस्वीरें डाटा के रूप में सिस्टम में डालनी होती हैं। इसके बाद माडल सीसीटीवी कैमरों से कनेक्ट किया जाता है। कैमरों से मिलने वाली लाइव फुटेज पर सिस्टम लगातार नजर रखता है। अगर कोई ऐसा व्यक्ति कैमरे के सामने आता है, जिसकी तस्वीर सिस्टम में मौजूद नहीं है, तो उसके चेहरे के चारों ओर लाल रंग का बाॅक्स दिखाई देगा। यह कंट्रोल रूप को अलर्ट भेज देगा।
यह मशीन लर्निंग आधारित सिस्टम एक साथ पांच कैमरों की लाइव फुटेज पर नजर रख सकता है। इसमें प्रत्येक व्यक्ति का डाटा तैयार करने के लिए 3 से 5 साफ फ्रंटल फेस तस्वीरें पर्याप्त हैं। सिस्टम कैमरे से मिलने वाली लाइव फुटेज में चेहरों की पहचान करने के साथ अलग-अलग कैमरों के बीच व्यक्ति की आवाजाही को भी ट्रैक कर सकता है। इसकी फेस रिकग्निशन सटीकता 91.7 प्रतिशत और दो कैमरों पर किए गए परीक्षण में क्रास-कैमरा री-आइडेंटिफिकेशन की सटीकता 80 प्रतिशत दर्ज की गई है।
जीपीयू की मदद से यह पांच कैमरों की फुटेज को एक साथ 15 से अधिक एफपीएस की गति से प्रोसेस कर सकता है। इसमें आईपी कैमरों के आरटीएसपी स्ट्रीम के अलावा एमपी4 और एवीआई वीडियो फाइलों से भी इनपुट लिया जा सकता है। सभी कैमरों की फुटेज वेब डैशबोर्ड पर एक साथ देखी जा सकती है, जहां लोगों की पहचान और ट्रैकिंग रियल टाइम में होती है।
* मोहित दांगी
* मुस्कान दोहरे
* नयन मित्तल
* परी छाजेड़
* तरंग शर्मा
इस सिस्टम का उपयोग कालेज, शासकीय भवनों और ऐसे क्षेत्राें में भी किया जा सकता है, जहां सिर्फ अधिकृत व्यक्तियों को प्रवेश की अनुमति होती है। इस सिस्टम काे और बेहतर बनाने के लिए विद्यार्थी लगातार कार्य कर रहे हैं, जिसमें इसकी सटीकता को बढ़ाया जाएगा। साथ ही जल्द ही इसके पेटेंट की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी।
- प्रो. उर्जिता ठकार, सीएस विभागाध्यक्ष, एसजीएसआइटीएस