
टेक्नोलॉजी डेस्क। आमतौर पर बाजार में मिलने वाले प्रीमियम और फ्लैगशिप स्मार्टफोन्स की कीमतें 1.5 से 2 लाख रुपये के आसपास तक होती हैं, लेकिन इससे परे लग्जरी डिवाइसेज का एक ऐसा बाजार भी है जहां फोन्स की कीमत लाखों से शुरू होकर लगभग 1 करोड़ रुपये तक पहुंचती है।
अल्ट्रा-प्रीमियम स्टेटस, रेयर कलेक्टिबल्स और उच्च सुरक्षा चाहने वाले उद्योगपतियों व बिजनेसमैन के लिए ये खास फोन्स तैयार किए जाते हैं। इनमें सिर्फ साधारण परफॉर्मेंस ही नहीं, बल्कि दुर्लभ कीमती धातुएं, हाथों से की गई नक्काशी, हार्डवेयर स्तर की सुरक्षा, उन्नत एआई फीचर्स और 24/7 पर्सनल असिस्टेंट (कॉन्सिएर्ज) जैसी विशेष सेवाएं शामिल होती हैं।
दुबई और यूरोप के लग्जरी ब्रांड कैविया (Caviar) का मुख्य काम साधारण आईफोन्स को वियरेबल आर्ट मास्टरपीस में बदलना है। 'पालमेट 18K' मॉडल में कंपनी ने साधारण बैक पैनल को हटाकर 18-कैरेट सॉलिड गोल्ड का एक्सटीरियर दिया है। इस पर यूएई के प्रसिद्ध खजूर के पत्तों और मिडिल ईस्टर्न स्थापत्य कला से प्रेरित बेहद बारीक नक्काशी की गई है।
इसके आईफोन 17 प्रो मैक्स संस्करण में 46 असली हीरे जड़े गए हैं, जबकि पीछे दिए गए एप्पल लोगो को 58 हीरों से सजाया गया है। यह फोन न केवल लुक में बेहद शाही अनुभव देता है, बल्कि दुनिया भर में इसकी केवल कुछ चुनिंदा यूनिट्स ही बिक्री के लिए तैयार की गई हैं।
पारंपरिक लग्जरी धातुओं से आगे बढ़ते हुए वर्टू (VERTU) का एजेंट क्यू स्मार्टफोन हैंडक्राफ्टेड फिनिश को उन्नत तकनीक के साथ जोड़ता है। इस डिवाइस की बॉडी पर दुर्लभ 'हिमालयन एलिगेटर' लेदर का इस्तेमाल किया गया है, जिसमें एक मजबूत मैकेनिकल हिंज सिस्टम भी मौजूद है।
कारोबारियों की गोपनीयता को ध्यान में रखते हुए इसमें समर्पित A5 सिक्योरिटी चिप, ट्रिपल-सिस्टम हार्डवेयर आइसोलेशन और 10TB का एन्क्रिप्टेड पर्सनल डेटा वॉल्ट दिया गया है। फोन में मौजूद लाल रंग की सिग्नेचर 'रूबी की' (Ruby Key) एक सिंगल-टैप में 200 से अधिक स्पेशलाइज्ड एआई एजेंट्स के इकोसिस्टम तक पहुंच प्रदान करती है। साथ ही यूजर्स को 24/7 रियल-टाइम ह्यूमन कॉन्सिएर्ज असिस्टेंट की सुविधा भी मिलती है।
फोल्डेबल स्मार्टफोन्स की श्रेणी में वर्टू अल्फाफोल्ड (AlphaFold) सबसे ऊपरी पायदान पर आता है। इसके 'गोल्ड IV एवं ग्रीन डायमंड' एडिशन में 8.05-इंच का मुख्य फोल्डेबल डिस्प्ले और 6.53-इंच का बाहरी डिस्प्ले दिया गया है। इसे एयरोस्पेस-ग्रेड मैटेरियल्स, दुर्लभ क्रोकोडाइल लेदर, सॉलिड गोल्ड की डिटेलिंग और दुर्लभ हरे हीरों (Green Diamonds) के संयोजन से निर्मित किया गया है।
यह भी पढ़ें- MP में हिंदी मीडियम में B.Tech सिविल इंजीनियरिंग कोर्स शुरू, छात्रों को सरकार से दो लाख का मिलेगा प्रोत्साहन
सॉफ्टवेयर के मोर्चे पर इसमें 'हर्मीस एजेंट AI' (Hermes Agent AI) इंटीग्रेट किया गया है, जो बिजनेस एग्जीक्यूटिव्स को सीधे फोन पर जरूरी दस्तावेज रिव्यू करने, एंटरप्राइज डैशबोर्ड एक्सेस करने और बिजनेस वर्कफ्लो मैनेज करने की सुविधा देता है। 6,500mAh की सिलिकॉन-कार्बन बैटरी और 65W फास्ट चार्जिंग के साथ यह हैंडसेट काम और प्राइवेसी दोनों के लिए एक शक्तिशाली कमांड सेंटर के रूप में कार्य करता है।