
टेक्नोलॉजी डेस्क, नई दिल्ली। WhatsApp अब केवल चैटिंग और कॉलिंग का माध्यम नहीं रह गया है। Meta ने इसमें Meta AI को शामिल किया है, जिसकी मदद से यूजर्स कई तरह के काम सीधे मैसेजिंग ऐप पर कर सकते हैं। टेक्स्ट प्रॉम्प्ट से इमेज बनाने, जानकारी हासिल करने और लंबी चैट की समरी तैयार करने जैसी सुविधाएं इसमें मिलती हैं।
ChatGPT और Gemini की तरह WhatsApp का Meta AI भी टेक्स्ट प्रॉम्प्ट के आधार पर इमेज तैयार कर सकता है। यूजर अपनी जरूरत के मुताबिक आइडिया लिखकर तस्वीर बनवा सकते हैं। इसके अलावा Meta AI से कस्टम स्टिकर और प्रोफाइल पिक्चर भी तैयार की जा सकती है। इन्हें सीधे WhatsApp पर शेयर किया जा सकता है।
Meta AI का इस्तेमाल पर्सनल चैट और ग्रुप चैट दोनों में किया जा सकता है। इसके लिए चैट में Meta AI को टैग कर सवाल पूछा जा सकता है। उदाहरण के लिए दिल्ली में अच्छे साउथ इंडियन रेस्टोरेंट की जानकारी लेने या किसी नए विषय को समझने के लिए इसका इस्तेमाल किया जा सकता है। लंबी WhatsApp चैट की समरी भी Meta AI तैयार कर सकता है।
Meta AI पर किसी जगह की फोटो अपलोड करके उसके बारे में जानकारी ली जा सकती है। AI फोटो में मौजूद जगह को पहचानने और उससे जुड़ी जानकारी देने में मदद कर सकता है। टेक्स्ट कमांड के जरिए फोटो एडिट करने और अनवांटेड ऑब्जेक्ट हटाने जैसे काम भी किए जा सकते हैं।
कंपनी के अनुसार WhatsApp में Meta AI के लिए प्राइवेट प्रोसेसिंग टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल किया गया है। इसके जरिए AI रिक्वेस्ट को कंपनी के सर्वर पर सेव किए बिना प्रोसेस किया जाता है। Meta के मुताबिक इन चैट्स को कोई यूजर पढ़ नहीं सकता। इसे आसान भाषा में वेब-ब्राउजर के Incognito Mode जैसा समझा जा सकता है।
Meta AI का इस्तेमाल मोबाइल ऐप के अलावा WhatsApp Web और macOS ऐप पर भी किया जा सकता है। इसके लिए WhatsApp अकाउंट से लॉगिन करने के बाद ऊपर दिए गए सर्च बार में Meta AI सर्च करना होगा। इसके बाद उसके साथ चैट शुरू की जा सकती है।
WhatsApp के मुताबिक End-to-End Encryption सामान्य प्राइवेट चैट और फाइलों को सुरक्षित रखती है। हालांकि Meta AI के साथ बातचीत के दौरान शेयर की जाने वाली जानकारी को लेकर सावधानी जरूरी है। खासकर संवेदनशील व्यक्तिगत जानकारी किसी भी AI के साथ साझा नहीं करनी चाहिए।