
दुबई। थ्रीडी प्रिंटर का इस्तेमाल करके दुनिया के पहले ऑफिस बिल्डिंग का निर्माण दुबई में किया जाएगा। इसका मकसद ऐसी तकनीक को बढ़ावा देना है जिससे समय और पैसे की बचत हो।
संयुक्त अरब अमीरात के कैबिनेट मामलों के मंत्री मोहम्मद अल ग्रेगावी ने बताया कि अर्थव्यवस्था के विकास और लोगों के जीवन स्तर में सुधार के लिए यूएई नवीनतम तकनीकों का सहारा लेगा। इस बिल्डिंग को बनाने के लिए दुबई ने विनसन ग्लोबल, जेनस्लेर, थोर्नटन थोमासेट्टी और स्यास्का हेन्नेस्सी के साथ करार किया है।
यह आफिस करीब 2000 स्क्वायर फीट में बनाया जाएगा। इसके लिए 20 फीट लंबे थ्रीडी प्रिंटर का इस्तेमाल किया जाएगा। अल ग्रेगावी ने बताया कि एक समय थ्रीडी प्रिंटेड इमारत का निर्माण सपना होता था, पर आज इसे वास्तविकता में बदला जा चुका है।
यह इमारत थ्रीडी तकनीक की दक्षता और रचनात्मकता को प्रमाणित करेगी। विशेषज्ञों का दावा है कि इस तकनीक की सहायता से इमारत का निर्माण समय 50 से 70 प्रतिशत और श्रमिक लागत 50 से 80 प्रतिशत तक घटायी जा सकेगी।