मुजफ्फरनगर में डिवाइडर से टकराने के बाद कार में लगी भीषण आग, हरियाणा के 6 लोगों की जिंदा जलकर मौत
उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में सोमवार सुबह एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है।
Publish Date: Mon, 09 Nov 2026 09:50:12 AM (IST)Updated Date: Mon, 09 Nov 2026 09:50:12 AM (IST)
HighLights
- सभी मृतक हरियाणा के जींद के रहने वाले बताए जा रहे हैं
- हरिद्वार की ओर जा रहे थे, बाहर निकलने का मौका नहीं मिला
- तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई
डिजिटल डेस्क, मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में सोमवार सुबह एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। पानीपत-खटीमा हाईवे पर एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार पलट गई और उसमें भीषण आग लग गई।
इस दिल दहला देने वाले हादसे में कार के अंदर फंसे 6 लोगों की जिंदा जलकर मौके पर ही मौत हो गई। सभी मृतक हरियाणा के जींद के रहने वाले बताए जा रहे हैं, जो हरिद्वार की ओर जा रहे थे।
सीएनजी किट की वजह से तुरंत भड़की आग
जानकारी के अनुसार, सोमवार की सुबह यह कार शामली की दिशा से मुजफ्फरनगर की ओर तेज गति से आ रही थी। तितावी थाना क्षेत्र के अंतर्गत जागाहेड़ी पुल के पास अचानक कार अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर से टकराते हुए सड़क के दूसरी तरफ जाकर पलट गई।
कार में सीएनजी किट लगी हुई थी, जिसके कारण पलटने के तुरंत बाद वाहन ने आग पकड़ ली। आग इतनी तेजी से फैली कि अंदर बैठे यात्रियों को बाहर निकलने तक का मौका नहीं मिल पाया।
राहगीरों ने दी पुलिस को सूचना
हादसे के बाद वहां से गुजर रहे राहगीरों ने डायल 112 पर पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की टीमें आनन-फानन में घटनास्थल पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू तो पा लिया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी और अंदर सवार सभी 6 लोग दम तोड़ चुके थे।
सभी मृतक हरियाणा के जींद जिले के निवासी
तितावी थाना प्रभारी जयवीर सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि शुरुआती जांच में सभी मृतक हरियाणा के जींद जिले के निवासी पाए गए हैं। फिलहाल पुलिस ने उनके परिजनों को सूचना दे दी है और उनके यहां पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।