
डिजिटल डेस्क। लखनऊ में आयोजित पौधरोपण अभियान के शुभारंभ अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पर्यावरण संरक्षण और जल बचाने की आवश्यकता पर जोर दिया। इस दौरान उन्होंने सार्वजनिक संपत्तियों को नुकसान पहुंचाने वालों पर भी टिप्पणी की और लोगों से जागरूक रहने की अपील की।
कहीं नलों की टोंटी चोरी कर ली जाती है
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की ओर से हर घर तक पेयजल पहुंचाने के लिए कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं, लेकिन कुछ लोग सार्वजनिक संसाधनों को नुकसान पहुंचाने से बाज नहीं आते। उन्होंने कहा कि कहीं नलों की टोंटी चोरी कर ली जाती है तो कहीं पानी खुला छोड़ दिया जाता है, जिससे बड़ी मात्रा में जल बर्बाद होता है। ऐसे मामलों को रोकना समाज की भी जिम्मेदारी है।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जल संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा को जनआंदोलन बनाना होगा। इसके लिए उन्होंने लोगों से पांच संकल्प लेने का आह्वान किया।
प्रकृति के अनुकूल जीवनशैली अपनाने की अपील
उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत पौधा लगाना चाहिए और उसकी देखभाल की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए। साथ ही जल संरक्षण को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने, सिंगल यूज प्लास्टिक के इस्तेमाल को पूरी तरह बंद करने और प्रकृति के अनुकूल जीवनशैली अपनाने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यावरण और जल संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें समाज की सक्रिय भागीदारी भी जरूरी है। यदि सभी लोग मिलकर प्रयास करें तो आने वाली पीढ़ियों के लिए प्राकृतिक संसाधनों को सुरक्षित रखा जा सकता है।
यह भी पढ़ें- UP में घर बैठे ऑनलाइन बनेगा रेंट एग्रीमेंट, निबंधन विभाग ने शुरू की डिजिटल स्टांपिंग और ई-केवाईसी की नई व्यवस्था