
एजेंसी, लखनऊ। लखनऊ मेट्रो (LMRC) ने एक बार फिर अपनी ईमानदारी और तत्परता की मिसाल पेश की है। रविवार को मेट्रो में यात्रा कर रहे एक यात्री का एक लाख रुपये नकद से भरा बैग ट्रेन में ही छूट गया था, जिसे मेट्रो स्टाफ ने मात्र 20 मिनट के भीतर सुरक्षित वापस लौटा दिया।
यह घटना रविवार दोपहर की है, जब एयरपोर्ट से चलकर मेट्रो ट्रेन 12:20 बजे मुंशी पुलिया स्टेशन पहुँची थी। सभी यात्रियों के उतरने के बाद जब सुरक्षा गार्ड ट्रेन की चेकिंग कर रहे थे, तब उन्हें एक लावारिस बैग मिला। जब बैग की तलाशी ली गई, तो उसमें एक लाख रुपये नकद और अन्य जरूरी सामान मौजूद था।
सुरक्षा गार्ड ने ईमानदारी दिखाते हुए तुरंत उस बैग को स्टेशन कंट्रोलर के पास जमा करा दिया। मेट्रो प्रशासन ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए संबंधित यात्री की खोजबीन की और दोपहर 12:40 बजे तक उन्हें उनका बैग सुरक्षित सौंप दिया। इतनी बड़ी धनराशि महज 20 मिनट में वापस मिलने पर यात्री ने लखनऊ मेट्रो प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
लखनऊ मेट्रो का 'खोया व पाया सेल' यात्रियों का भरोसा जीतने में लगातार कामयाब रहा है। आंकड़ों के मुताबिक, सेवाओं की शुरुआत से लेकर अब तक यह सेल यात्रियों को निम्नलिखित सामान सुरक्षित लौटा चुका है:
यूपीएमआरसी (UPMRC) के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने अपनी टीम की सराहना करते हुए कहा कि उनकी टीम जनता की सेवा के लिए पूरी तरह समर्पित है और इसी कर्तव्यनिष्ठा के कारण लखनऊ मेट्रो अन्य सार्वजनिक परिवहन के मुकाबले अधिक सुरक्षित और विश्वसनीय साबित हुई है।