
डिजिटल डेस्क, झांसी। एनएच-44 पर बबीना क्षेत्र में इमामी नेचर कॉलनि के सामने हुए कण्टेनर हादसे का ऐसा सच सामने आया, जिसने हर किसी को चौंका दिया। टायर फटने के बाद डिवाइडर से टकराकर पलटे कण्टेनर के नीचे कण्डक्टर का शव आठ दिन तक दबा रहा और पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी।
हैरानी की बात यह है कि हादसे के बाद चालक ने पुलिस को कण्डक्टर के उपचार के लिए भेजे जाने की जानकारी दी थी। शनिवार को जब दुर्घटनाग्रस्त कण्टेनर को हटवाया गया तो उसके नीचे कण्डक्टर का शव मिला। इसके बाद पुलिस ने कण्टेनर चालक के साथ ही मालिक और हेल्पर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
घटना 21 नवम्बर की शाम लगभग सात बजे की है। बबीना में इमामी नेचर कॉलनि के सामने हाईवे पर झांसी से ललितपुर की ओर जा रहा कण्टेनर अचानक टायर फटने से अनियन्त्रित हो गया। चालक वाहन पर नियन्त्रण नहीं रख सका और कण्टेनर डिवाइडर से टकराकर पलट गया। हादसे के बाद हाइवे पर जैम की स्थिति बन गई। पुलिस मौके पर पहुंची एक तरफ का मार्ग रोक कर दूसरे से वाहनों को निकाला गया। इसके बाद क्रेन की मदद से पलटे कण्टेनर को सड़क किनारे खड़ा कराया, जिसके बाद दोनों ओर के मार्ग से यातायात सुचारू हो सका। हादसे के बाद कण्टेनर चालक मौके से चला गया था।
दुर्घटना के बाद पुलिस ने कण्टेनर में सवार लोगों के बारे में जानकारी जुटाई तो चालक एवं मालिक गुरजोत सिंह पुत्र अमरजीत सिंह ने कण्डक्टर नवतेज सिंह पुत्र अवतार सिंह (तारा सिंह) को उपचार के लिए भेजे जाने की जानकारी दी। इससे पुलिस को लगा कि हादसे के बाद कण्डक्टर घायल होकर कहीं उपचार करा रहा है। जबकि हकीकत यह थी कि नवतेज सिंह ट्रक के नीचे ही दबा रह गया था। आठ दिन तक उसका शव दुर्घटनाग्रस्त वाहन के नीचे दबा रहा।
शनिवार (28 नवम्बर) को पुलिस दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को हटवाने पहुंची तो उसके नीचे कण्डक्टर का शव दबा मिला। मृतक की पहचान नवतेज सिंह के रूप में हुई। वह चालक गुरजोत सिंह और हेल्पर विजय के साथ ट्रक में सवार था। तीनों पंजाब और जम्मू-कश्मीर के निवासी बताए गए हैं।
ट्रक (NL 01 AJ 7660) में सवार चालक एवं मालिक गुरजोत सिंह निवासी रामगढ़ सरदारां, थाना मलौद, जिला लुधियाना (पंजाब) तथा हेल्पर विजय निवासी जम्मू-कश्मीर को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। बबीना के थानाध्यक्ष राहुल सिंह राठौर ने बताया कि चालक और हेल्पर से पूछताछ की जा रही है। कण्डक्टर का शव आठ दिन तक ट्रक के नीचे कैसे दबा रहा और चालक ने उसके उपचार के लिए भेजे जाने की जानकारी क्यों दी, इसकी जाँच की जा रही है।