
डिजिटल डेस्क, लखनऊ। आगरा में समाजवादी पार्टी के दलित सम्मेलन से पहले सियासी वार पलटवार तेज हो गया है। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने एक्स पर पोस्ट कर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अखिलेश आगरा के मंच से घोषणा करने से पहले बहुजन महापुरुषों के अपमान के लिए माफी मांगें।
राजभर ने अखिलेश को संबोधित करते हुए लिखा, ए अखिलेश यादव भाई! सुना है कि आज आप आगरा में पीडीए के डी का सम्मेलन करा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अखिलेश मंच से लंबी-लंबी घोषणाएं करें, लेकिन उसी मंच से बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर और मान्यवर कांशीराम को लेकर की गई टिप्पणियों के लिए माफी भी मांगें। उन्होंने सपा सांसद रामजीलाल सुमन को लेकर कहा कि अखिलेश उनसे राणा सांगा पर दिए बयान के लिए हिंदू समाज से माफी मंगवाएं।
राजभर ने 2012 में सपा सरकार के दौरान लिए गए फैसलों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब और माई साहब के नाम पर बने भीम नगर का नाम सम्भल और रमाबाई नगर का नाम कानपुर देहात किया गया। कांशीराम नगर का नाम बदलकर कासगंज किया गया और कांशीराम के नाम पर चलने वाली योजनाएं बंद की गईं। उन्होंने कहा कि बहुजन महापुरुषों के नाम पर बने अस्पताल, विश्वविद्यालय और कॉलेजों के नाम भी बदले गए। लखनऊ के डॉ. भीमराव अम्बेडकर हरित पार्क और कन्नौज के अम्बेडकर मेडिकल कॉलेज का उदाहरण देते हुए जवाब मांगा।
आगरा में सम्मेलन के बीच राजभर ने पनवारी कांड का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सपा शासन में पनवारी में जाटव समाज की बारात पर हमला हुआ था। दूल्हे के घोड़े पर बारात निकालने को लेकर हुई जातीय हिंसा में नौ लोगों की जान गई थी। इटावा का जिक्र करते हुए कहा कि अखिलेश के गृह जनपद में दलितों को ट्रैक्टर से कुचल दिया गया था।
राजभर ने गाजियाबाद में आला हजरत हज हाउस उद्घाटन में आजम खां की बाबा साहेब पर टिप्पणी का मुद्दा उठाया। कहा कि अखिलेश की मौजूदगी में आजम खां ने आपत्तिजनक टिप्पणी की, लेकिन अखिलेश ने विरोध नहीं किया। शिवपाल यादव पर तंज कसते हुए कहा कि वह आजम खां को गृह मंत्री बनाने की बात कह चुके हैं। बाबा साहेब पर ऐसी टिप्पणी करने वाले को गृह मंत्री बनाने की बात कैसी राजनीति है। राजभर ने कहा कि आगरा की जनता सपा का ट्रेलर देखेगी और तय करेगी कि गुंडागर्दी वाली फिल्म को रिलीज नहीं होने देना है।