ब्यूरो, लखनऊ: दुनियाभर में भारत का नाम रोशन करने वाले शुभांशु शुक्ला (Shubhanshu Shukla) ऐतिहासिक अंतरिक्ष यात्रा के बाद सकुशल वापस धरती पर लौट आए हैं। वह दोपहर तीन बजकर एक मिनट पर प्रशांत महासागर में कैलिफोर्निया तट पर उतरे। शुभांशु शुक्ला के अंतरिक्ष स्टेशन से धरती पर वापसी का लाइव प्रसारण उनके माता-पिता व अन्य परिजन ने भी देखा।
इस दौरान दोनों की आंखें खुशी से नम हो गईं। शुभांशु के परिवार के लिए यह गर्व का पल है। उनके वापस धरती पर लौटने के बाद उनके लखनऊ स्थित घर में जश्न का माहौल है। अपने बेटे के धरती पर लौटने पर शुभांशु शुक्ला के पिता शंभू दयाल शुक्ला ने कहा, 'हम शुभांशु शुक्ला की सुरक्षित लैंडिंग के लिए भगवान का शुक्रिया अदा करते हैं। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी शुभांशु शुक्ला को आशीर्वाद दिया और हमें शुभकामनाएं दीं।'
इसके अलावा उनकी मां आशा शुक्ला ने एएनआई से बात करते हुए कहा, 'मैं इस चीज को शब्दों में बयान नहीं कर सकती हूं। जब लैंड हो रहा था तब बस थोड़ा डर लगा था, लेकिन सब अच्छे से हो गया है। ईश्वर हमारे साथ हैं। उन्होंने उसे वहां पहुंचाया था और उन्होंने ही उसे सुरक्षित लैंड कराया है।'
शुभांशु को अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) से धरती पर आने में लगभग साढ़े 22 घंटे लगे। एक्सिओम-4 मिशन के लिए ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला और उनके तीन सहयोगियों ने आईएसएस पर कुल 18 दिनों का वक्त बिताया।
इन अंतरिक्षयात्रियों ने आइएसएस से जुड़ने के बाद से लगभग 76 लाख मील की दूरी तय करते हुए पृथ्वी के चारों ओर लगभग 433 घंटे या 18 दिन तक 288 परिक्रमाएं कीं। इससे पहले शुभांशु की वापसी 11 जुलाई को होनी थी, हालंकि किसी वजह से इसको 3 दिनों के लिए आगे बढ़ा दिया गया।